शादी हुई, पर्चा जमा हुआ… लेकिन सामान के लिए अब तक ब्लॉक के चक्कर! महराजगंज में बड़ा सवाल

महराजगंज के नौतनवा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के करीब एक महीने बाद भी कुछ लाभार्थियों को पूरा सामान नहीं मिल सका। गुरुवार को लक्ष्मीपुर ब्लॉक परिसर में दो लाभार्थी शेष सामान लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। काफी देर बाद अधिकारी के पहुंचने पर सामान उपलब्ध कराया गया। अब सवाल उठ रहा है कि जब शादी के दिन ही सामान का पर्चा जमा करा लिया गया था तो पूरा सामान समय पर क्यों नहीं दिया गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 August 2026, 5:29 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी तो करा दी गई, लेकिन कुछ लाभार्थियों की परेशानी शादी के बाद भी खत्म नहीं हुई। नौतनवा के एक मैरेज हाल में 16 जुलाई को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के करीब एक महीने बाद भी कुछ लाभार्थी अपने हिस्से के सामान के लिए ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। गुरुवार को लक्ष्मीपुर ब्लॉक परिसर में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दो लाभार्थी शादी में नहीं मिल पाए सामान को लेने के लिए ब्लॉक पहुंचे थे। उन्हें सामान मिलने की उम्मीद थी, लेकिन काफी देर तक जिम्मेदार अधिकारी के पहुंचने का इंतजार करना पड़ा।

शादी के दिन नहीं मिला था पूरा सामान

नौतनवा ब्लॉक के पिपरा की रहने वाली लाभार्थी लीलावती पुत्री विनोद ने बताया कि 16 जुलाई को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उनकी शादी राकेश पुत्र सत्यनारायण के साथ हुई थी। लीलावती के मुताबिक, विवाह कार्यक्रम के दौरान सामान लेने के लिए पर्चा जमा करा लिया गया था। उन्हें उम्मीद थी कि शादी के दिन योजना के तहत मिलने वाला पूरा सामान उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

महराजगंज में 20 लाख की बैंक धोखाधड़ी पर कोर्ट सख्त, पुलिस को FIR दर्ज कर CO से जांच कराने का आदेश

गुरुवार को ब्लॉक बुलाया, फिर भी करना पड़ा इंतजार

लीलावती ने बताया कि गुरुवार को उन्हें शेष सामान लेने के लिए लक्ष्मीपुर ब्लॉक परिसर बुलाया गया था। वह तय समय पर ब्लॉक पहुंच गईं। उनके साथ परिवार के लोग भी मौजूद थे। लेकिन ब्लॉक पहुंचने के बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद सामान देने वाला कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। लीलावती और उनके साथ आए परिजन ब्लॉक परिसर में अधिकारी के आने का इंतजार करते रहे।

अधिकारी के पहुंचने के बाद मिला सामान

काफी देर बाद एडीओ समाज ऋषिकेश ब्लॉक परिसर पहुंचे। इसके बाद दोनों लाभार्थियों को बुलाकर उनके हिस्से का बचा हुआ सामान उपलब्ध कराया गया। सामान मिलने के बाद लाभार्थियों ने राहत की सांस ली, लेकिन उनका कहना था कि अगर यह सामान शादी के दिन ही मिल जाता तो उन्हें बार-बार ब्लॉक के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

महराजगंज में पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंत! कुदाल से हमला, खून से लथपथ मिला युवक और फिर…

सिर्फ दो लाभार्थियों का सामान बचा था

इस मामले में एडीओ समाज राकेश वर्मा ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सिर्फ दो लाभार्थियों को उस दिन पूरा सामान नहीं मिल पाया था। दोनों लाभार्थियों को गुरुवार को ब्लॉक पर बुलाया गया था और उनका बचा हुआ सामान उपलब्ध करा दिया गया है। अधिकारी के मुताबिक, अब दोनों लाभार्थियों को पूरा सामान दे दिया गया है।

Location :  Maharajganj

Published :  13 August 2026, 5:29 PM IST