
अरविंद की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ (Img: Dynamite News)
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव निवासी 25 वर्षीय अरविंद उर्फ कल्लू का शव गांव से लगभग 500 मीटर दूर जंगल में घनी झाड़ियों के बीच बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों ने शव को देखकर तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के मुताबिक अरविंद नशे का आदी था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा मां लज्जा देवी और छोटे भाई विकास और धर्मेंद्र हैं। बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले बाहर काम करने के दौरान वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसके बाद से घर पर ही रह रहा था।
शनिवार दोपहर वह नशे की हालत में घर से निकला था। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रात भर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीणों के साथ परिजन जंगल की ओर पहुंचे, जहां उसका शव पेड़ से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी लक्ष्मी देवी बदहवास हो गईं, जबकि मां और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। मंगलपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक मिलन सिरोही ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए।
बड़ा हादसा: ETP Plant में जहरीली गैस और 4 लोगों की दर्दनाक मौत, सूरत से लेकर वराछा तक हड़कंप
उप निरीक्षक मिलन सिरोही ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur Dehat
Published : 7 June 2026, 3:07 PM IST