रातभर एसी में सोता रहा परिवार, दरवाजा तोड़कर चोर उड़ा ले गए लाखों का खजाना

देवरिया के एक गांव में हुई चोरी की वारदात ने लोगों की नींद उड़ा दी है। परिवार घर के अंदर आराम से सोता रहा और उधर चोरों ने बड़ी सफाई से अपना काम कर दिया। सुबह जब घरवालों की नजर बिखरे सामान पर पड़ी तो हर कोई हैरान रह गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 June 2026, 4:55 PM IST

Deoria: देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के खोरी गांव में गुरुवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक मकान का पिछला दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

एसी चलाकर सो रहा था पूरा परिवार

जानकारी के अनुसार खोरी गांव निवासी ईश्वर सिंह का परिवार रात में गर्मी के कारण एक कमरे में एसी चलाकर सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।चोरों ने घर के अलग-अलग कमरों में रखी आलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाल डाला और कीमती सामान समेट लिया।

अचानक हुआ जोरदार धमाका, फिर मची चीख-पुकार! देवरिया में AC मैकेनिक के साथ हुआ ऐसा हादसा कि दहल गए लोग

लाखों के गहने और एक लाख नकदी चोरी

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब एक लाख रुपये नकद और 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने का हार, माला, तीन मंगलसूत्र, आठ जोड़ी झुमके, एक दर्जन सोने की अंगूठियां समेत कई कीमती जेवर शामिल हैं। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और बक्सों के टूटे ताले देखकर परिवार के होश उड़ गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कपरवार चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Haryana Crime: घर के भीतर खून से लथपथ मिली महिला, बाहर खड़े थे हथियारबंद लोग,मर्डर मिस्ट्री गहराई

गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल

गांव में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Location :  Deoria

Published :  5 June 2026, 4:55 PM IST