हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Etawah: इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित विजय नगर रोड पर एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों व अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दीनापुर निवासी 28 वर्षीय पूनम पांडे पत्नी हिमांशु पांडे को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को शहर के दिव्यांशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने ऑपरेशन से पहले दो यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई थी।
स्वजन का आरोप है कि शहर के पक्का बाग स्थित इटावा सिटी चैरिटेबल ब्लड बैंक से ओ-नेगेटिव रक्त लिया गया, जिसके लिए करीब 10 हजार रुपये लिए गए। परिजनों का कहना है कि रक्त चढ़ाने के कुछ ही देर बाद पूनम की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
रात में ऑपरेशन के जरिए पूनम ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। हालांकि डिलीवरी के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर अचानक उसकी स्थिति और खराब हो गई। शरीर का रंग नीला पड़ने लगा और किडनी समेत अन्य अंग प्रभावित होने लगे।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उसे आगरा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अस्पताल के बाहर करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। परिजनों ने गलत इलाज और गलत रक्त चढ़ाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etawah
Published : 5 June 2026, 6:19 PM IST