Uttar Pradesh: फिरोजाबाद की SDM के औचक निरीक्षण पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा बड़ा निशाना

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की SDM (सदर) कृति राज के घूंघट में सरकारी अस्पताल के औचक निरीक्षण के वीडियो पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा तंज कसा है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 13 March 2024, 3:19 PM IST
google-preferred

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की SDM कृति राज का मंगलवार को सरकारी अस्पताल में घूंघट में छापा मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस पर अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पताल में खामियां उजागर करने पर SDM कृति राज को संभलकर रहने की नसीहत दी है। 

यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार के आरोपी नेताओं का गुट है विपक्षी गठबंधन 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार अखिलेश ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि 'इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य मंत्री जी ‘अस्वस्थ-अवस्था’ में हैं।

 

दरअसल, एसडीएम कृति राज को स्वास्थ्य महकमे से गड़बड़ी, भ्रष्टाचार और खराब व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए 12 मार्च को वह दीदामई स्थित एक सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गईं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उन्होंने अपना चेहरा घूंघट से ढक लिया।

कृति राज ने साधारण मरीज की तरह पर्चा बनवाया और डॉक्टर को दिखाया। लेकिन इस दौरान उन्हें तमाम खामियां मिलीं। यहां तक की स्टोर में कई दवाईयां भी एक्सपायरी डेट की मिलीं। उनका चेकिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें: भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन, पार्टी पर लगाया ये बड़ा आरोप

अब इस मामले में अखिलेश यादव का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

अखिलेश ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एसडीएम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा,  "स्वयं घूंघट में जाकर, उत्तर प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ा परदा उठाकर सच्चाई दिखाने वाली साहसी महिला अधिकारी को संभलकर रहना होगा, नहीं तो इस डॉक्टर-दवाई के बिना चलने वाली प्रदेश की बीमारू चिकित्सा व्यवस्था के गोरखधंधे के खुलासे से शर्मसार हुई बीजेपी सरकार कहीं ज्ञानवर्धन के बहाने उनको अध्ययन हेतु विदेश ही न भेज दे।"