ब्रिटेन के सांसदों ने किया ‘पार्टीगेट’ को लेकर बोरिस जॉनसन के खिलाफ रिपोर्ट का समर्थन

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर, डाउनिंग स्ट्रीट में कोविड-19 संबंधी नियम तोड़कर आयोजित की गईं पार्टी को लेकर संसद को जान-बूझकर गुमराह करने का आरोप लगाने वाली ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ समिति की रिपोर्ट को ब्रितानी सांसदों ने सात के मुकाबले 354 मतों से समर्थन दिया। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 20 June 2023, 2:25 PM IST
google-preferred

लंदन: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर, डाउनिंग स्ट्रीट में कोविड-19 संबंधी नियम तोड़कर आयोजित की गईं पार्टी को लेकर संसद को जान-बूझकर गुमराह करने का आरोप लगाने वाली ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ समिति की रिपोर्ट को ब्रितानी सांसदों ने सात के मुकाबले 354 मतों से समर्थन दिया।

जॉनसन ने संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में कई बार इस बात से इनकार किया था कि ब्रितानी प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट में कोविड-19 संबंधी नियम तोड़कर पार्टी आयोजित की गईं। जॉनसन द्वारा संसद को ‘‘गुमराह’’ किए जाने संबंधी इस मामले को ‘पार्टीगेट’ नाम दिया गया है। जॉनसन (58) ने समिति के सदस्यों पर अपने पीछे पड़ जाने का आरोप लगाते हुए संसद सदस्यता से पहले ही इस्तीफा दे दिया है।

‘कंजर्वेटिव पार्टी’ के नेता जॉनसन ने संसद की विशेषाधिकार समिति (कॉमन्स प्रिविलेजेस कमेटी) की अंतिम रिपोर्ट के मसौदे को देखने के बाद संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और अब वह पूर्व सांसदों को मिलने वाली संसद तक विशेष पहुंच का अधिकार भी खो देंगे।

रिपोर्ट के निष्कर्षों पर बहस करने के लिए उनके कई सहयोगी और विपक्षी सदस्य सोमवार को ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में एकत्र हुए और ज्यादातर ने पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यों की निंदा की।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और ‘कंजर्वेटिव पार्टी’ के कई अन्य सदस्य रिपोर्ट के निष्कर्षों पर बहस या टिप्पणी में शामिल नहीं हुए, जिसकी विपक्षी लेबर पार्टी के कई सांसदों ने घंटों चले सत्र के दौरान निंदा की।

लेबर पार्टी के जेस फिलिप्स ने कहा, ‘‘यह शर्मनाक है कि इस देश के प्रधानमंत्री यह भी नहीं बता सकते कि यदि आज वह यहां आते तो किसके लिए वोट देते। मेरे विचार से यह कर्तव्य से विमुख होना है।’’

Published :  20 June 2023, 2:25 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement