ठाणे में रेलगाड़ियों पर पथराव करने की घटनाओं में तीन गिरफ्तार

महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे में रेलगाड़ियों पर पथराव करने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन घटनाओं में दो महिलाएं घायल हो गईं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 10 November 2023, 1:18 PM IST
google-preferred

ठाणे: महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे में रेलगाड़ियों पर पथराव करने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन घटनाओं में दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले में सीएसएमटी जाने वाली एसी लोकल ट्रेन पर बृहस्पतिवार को कथित तौर पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में एक महिला घायल हो गई थी।

उन्होंने बताया कि एसी उपनगरीय ट्रेन मुंबई टिटवाला से सीएसएमटी की ओर जा रही थी। ट्रेन पर सुबह के व्यस्त घंटों के दौरान ठाकुर्ली और डोम्बिवली के बीच उस पर पथराव किया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ''पथराव से ट्रेन की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 28-वर्षीया महिला घायल हो गई। रेलवे परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।''

कुर्ला रेलवे पुलिस ने बताया कि मोहन नामदेव कदम (45) को कर्जत फास्ट लोकल ट्रेन और लातूर एक्सप्रेस पर पथराव करने के आरोप में बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा, ''कंट्रोल रूम को नाहुर और मुलुंड के बीच कर्जत फास्ट लोकल ट्रेन और ठाणे एवं मुलुंड के बीच लातूर एक्सप्रेस पर पथराव की सूचना मिली। कर्जत फास्ट लोकल में सवार वैष्णवी साल्वी की नाक पर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया।''

अधिकारी ने कहा, ''कदम को पटरियों के पास संदिग्ध तरीके से घूमते हुए पाया गया जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसने रेलगाड़ियों पर पथराव करने की बात स्वीकार की है।''