हिंदी
रायबरेली: जिले के लालगंज (Lalganj) स्थित मॉडर्न रेल कोच कारखाना के आवासीय परिसर में 15 सरकारी क्वार्टर में चोरियां हो गई। जानकारी मिली है कि जिनके घरों में चोरियां हुई हैं वे लोग छुट्टियां मनाने अपने अपने पैतृक घर गए हुये हैं। चोरी की इस घटना ने रेल कोच परिसर की हाई सिक्योरिटी की पोल खोलकर रख दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक घटना देर रात की है। मॉडर्न रेल कोच कारखाना के आवासीय परिसर में टाइप 2 क्वार्टर में आधा दर्जन से अधिक कमरों में एक साथ चोरों ने धावा बोला और ताला तोड़कर नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए।
सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
चोरी की सूचना दिन में मिली तो कॉलोनी में हड़कम्प मच गया। पुलिस जांच में पता लगा कि क्वार्टर नंबर 2060-डी, 2060 -ए, 2069-ए, 2025-ए, 2025-डी, 2026 -सी, 2068-सी, 2065-सी, 2065 डी में रहने वाले क्रमशः मुकेश कुमार, प्रभात, सुशील वर्मा, शीला, जितेंद्र कुमार, अनुराग सिंह, किशन रजक, प्रिंस सचान व राकेश कुमार के क्वार्टर में चोरियां हुई हैं। इसके अलावा भी कई क्वार्टर में चोरी हुई हैं। इतनी बड़ी तादाद में एक साथ चोरी का होना रेल कोच की सुरक्षा गार्ड्स की नाकामी को साबित कर रही है। यहाँ रहने वाले भयभीत हैं कि सरकारी कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड्स के होते हुए इतने सारे घरों में चोरी कैसे हो गई।
लालगंज क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने दिया बयान
लालगंज क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि रेल कोच आवासीय कालोनी में चोरी हुई है। अभी तक 15 क्वार्टर में चोरी की जानकारी मिली है। इनमे रहने वाले कर्मचारी छुट्टियां मनाने अपने पैतृक घर गए हुये थे। अभी तक कितना नुकसान हुआ है यह तो उन सभी के आने के बाद मालूम चलेगा। फोरेंसिक टीम व पुलिस मामले में तहकीकात कर रही है।
Published : 19 August 2024, 3:02 PM IST
Topics : Dynamite News Lalganj Modern Rail Coach raebareli news मॉर्डन रेल कोच रायबरेली समाचार लालगंज