हिंदी
नई दिल्लीः दिल्ली, यूपी, हरियाणा, बिहार सहित उत्तर भारत के ज्यादा राज्यों में सुबह-शाम के वक्त घना कोहरा दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही शीतलहर और कड़ाके की ठंड सितम ढा रही है।
घने कोहरे के कारण ट्रेन भी लेट हो रही हैं। आज 4 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। पिछले कई दिनों से लगातार ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और बिहार में विभिन्न स्थानों पर अगले 24 घंटों में मामूली से बहुत घने कोहरे जबकि उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में विभिन्न स्थानों पर घने कोहरे छाए रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का कहर बढ़ सकता है। बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सौराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान में शीत लहर का अनुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। ठंड से लोग ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि दिन में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं। अगले कुछ दिनों गलन बरकरार रहेगी।
Published : 2 February 2021, 10:46 AM IST
Topics : FOG IMD Rain Snow uttar pradesh Winters उत्तर भारत घना कोहरा ठंड मौसम विभाग