हिंदी
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात भयानक हादसा हो गया। स्वरूप नगर में एक ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया जिससे दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ट्रक जब्त कर चालक की तलाश कर रही है।
मृतकों की शिनाख्त अरविंद सिंह (48) और शंभू ठाकुर (44) के रूप में हुई है। दोनों बुराड़ी की आईपी कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। दोनों लिबासपुर स्थित एक ही फैक्टरी में काम करते थे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले अरविंद के परिवार में उसकी पत्नी और चार साल की बेटी है। वहीं मूलरूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शंभू के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।
जानकारी के अनुसार अरविंद और शंभू अपनी बाइक से रात करीब 9 बजे फैक्टरी से घर आ रहे थे गया था। इस दौरान स्वरूप नगर-बुराड़ी रोड पर गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से दोनों गिर गए, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक शंभू के परिवार वालों ने बताया कि शंभू पहली बार अपने पड़ोसी अरविंद की बाइक से फैक्टरी गया था। उन्होंने बताया कि शंभू बाइक नहीं चलाता था। वह रोज साइकिल से फैक्टरी जाता था। मंगलवार को उसकी साइकिल चोरी हो गई थी। ऐसे में वह बुधवार को पहली बार अरविंद के साथ फैक्टरी गया था।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गड्ढे की वजह से अनियंत्रित होकर इनकी बाइक गिर गई थी और पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों लोगों को कुचल दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 24 January 2025, 8:58 AM IST
Topics : bike riders dead HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist New Delhi Road Accident TrendingNews truck viralnews