मनिका बत्रा को लेकर पढ़ें बड़ा अपडेट, सिंगापुर स्मैश टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती खत्म

मनिका बत्रा की महिला और मिश्रित युगल दोनों मुकाबलों में हार के साथ मंगलवार को यहां सिंगापुर स्मैश टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 14 March 2023, 4:05 PM IST
google-preferred

सिंगापुर: मनिका बत्रा की महिला और मिश्रित युगल दोनों मुकाबलों में हार के साथ मंगलवार को यहां सिंगापुर स्मैश टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

मनिका और जी साथियान को हिना हयाता और टोमोकाजु हारिमोतो की जापान की विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता जोड़ी के खिलाफ मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

मनिका और साथियान की छठी वरीय जोड़ी को चौथी वरीय विरोधी जोड़ी के खिलाफ अंतिम आठ के मुकाबले में 52 मिनट में 2-3 (9-11 9-11 11-8 11-5 7-11) से हार झेलनी पड़ी।

मनिका और साथियान ने जियान झेंग और च्यु झी यू क्लेरेंस की सिंगापुर की जोड़ी को प्री क्वार्टर फाइनल में 3-1 (11-7, 12-10, 9-11, 11-3) से हराया था। भारतीय जोड़ी को मिश्रित युगल के पहले दौर में बाई मिली थी।

महिला युगल में मनिका और अर्चना कामत को मेंग चेन और यिदी वैंग की चीन की जोड़ी के खिलाफ 42 मिनट चले अंतिम 16 के कड़े मुकाबले में 2-3 (2-11 6-11 15-13 12-10 6-11) से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले मनिका, साथियान और शरत कमल को अपने एकल मुकाबलों में पहले दौर में ही शिकस्त झेलनी पड़ी।

पुरुष युगल में हरमीत देसाई और मानव ठक्कर की जोड़ी भी पहले दौर में हारकर बाहर हो गई।

Published :  14 March 2023, 4:05 PM IST

Related News

Advertisement