राष्ट्रपति मुर्मू का तीन दिवसीय असम दौरा आज से, जानिये पूरा कार्यक्रम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को असम पहुंचेंगी। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 6 April 2023, 12:56 PM IST
google-preferred

गुवाहाटी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को असम पहुंचेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू का विमान दोपहर में जोरहाट हवाई अड्डे पर उतरेगा और वहां से वह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान जाएंगी।

वह बागोरी में पार्क के पश्चिमी रेंज का दौरा करेंगी और फिर शाम को कोहोरा में केंद्रीय रेंज में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रपति शुक्रवार को सुबह पार्क में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में दो दिवसीय गज उत्सव-2023 का उद्घाटन करेंगी और बाद में गुवाहाटी में माउंट कंचनजंगा अभियान-2023 को झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मुर्मू गुवाहाटी में गौहाटी उच्च न्यायालय के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को तेजपुर वायुसेना स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। फिर वह दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 2009 में देश के इस अत्याधुनिक लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।

 

Published : 
  • 6 April 2023, 12:56 PM IST

Related News

No related posts found.