दुबई से भारत आ रहे विमान में शराब पीने के बाद यात्री ने की ये हरकत, जानिये क्या हुआ एक्शन

दुबई से मुंबई आ रही ‘इंडिगो’ की एक उड़ान में नशे की हालत में चालक दल के सदस्यों तथा सह यात्रियों को कथित रूप से अपशब्द कहने के मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 23 March 2023, 12:55 PM IST
google-preferred

मुंबई: दुबई से मुंबई आ रही ‘इंडिगो’ की एक उड़ान में नशे की हालत में चालक दल के सदस्यों तथा सह यात्रियों को कथित रूप से अपशब्द कहने के मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि विमान के मुंबई में उतरने के बाद दोनों को  गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि यहां उन्हें एक अदालत से मामले में जमानत मिल गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इंडिगो ने एक बयान में कहा, ‘‘दुबई से मुंबई आ रही उड़ान संख्या 6ई 1088 में दो यात्रियों को नशे की हालत में देखा गया और उन्होंने चालक दल के सदस्यों द्वारा कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद शराब पीना जारी रखा।’’

विमानन कंपनी ने कहा, ‘‘उन्होंने चालक दल के सदस्यों और सह-यात्रियों को अपशब्द कहे। उन्हें अनुचित व्यवहार करने पर नियमानुसार सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) सुरक्षा कर्मियों को सौंप दिया गया। घटना के बाद इस संबंध में पास के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। हम अन्य यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हैं।’’

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कोल्हापुर और पालघर के नालासोपारा के रहने वाले हैं। वे खाड़ी देश में एक साल काम करने के बाद लौट रहे थे।’’

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी देश लौटने की खुशी में शराब पी रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘जब अन्य यात्रियों ने उनके हंगामा करने पर आपत्ति जताई, तो उन्होंने उन्हें तथा बीच-बचाव करने वाले चालक दल के सदस्यों को अपशब्द कहे।’’

सहार थाने के अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (अन्य लोगों के जीवन व सुरक्षा को खतरे में डालना) और विमानन नियमों की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह विमान में किसी यात्री के अनुचित व्यवहार करने की इस साल सातवीं घटना है।

इससे पहले, 11 मार्च को एक व्यक्ति को लंदन से मुंबई आ रहे विमान के शौचालय में धूम्रपान करने और उसके आपातकालीन निकास को खोलने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Published : 
  • 23 March 2023, 12:55 PM IST

Related News

No related posts found.