Bharat Ratna: पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए देश के तीन दिग्गज महापुरुषों को भारत रत्न देने का ऐलान किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 9 February 2024, 12:54 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: केंद्र की मोदा सरकार ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए देश के तीन दिग्गज महापुरुषों को भारत रत्न देने का ऐलान किया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और नरसिम्हा राव के साथ ही महान कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर ये ऐलान करते हुए लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधान मंत्री, श्री पीवी नरसिम्हा राव गारू और डॉ. एमएस स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।''

यह भी पढ़ें: जानिये सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर के बारे में, जो बने हैं भारत रत्न

इससे पहले मोदी सरकार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।’’

यह भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न, पीएम मोदी ने किया ऐलान

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में नरसिम्हा राव ने विभिन्न पदों पर रहते हुए भारत की व्यापक सेवा की। उन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वर्षों तक संसद सदस्य और विधान सभा सदस्य के रूप में किए गए कार्यों के लिए भी याद किया जाता है।’’

मोदी ने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने, देश की समृद्धि और विकास के लिए एक ठोस नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, भारत की विदेश नीति, भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान एक नेता के रूप में उनकी बहुमुखी विरासत को रेखांकित करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में एम एस स्वामीनाथन को भारत रत्न से नवाजे जाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि और किसान कल्याण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित कर रही है।

मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में भारत को कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए।’’
उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन के दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल भारतीय कृषि को बदल दिया बल्कि राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि को भी सुनिश्चित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें मैं करीब से जानता था और मैं हमेशा उनकी अंतर्दृष्टि को महत्व देता था।’’

इस तरह पीएम मोदी ने हाल के दिनों में एक के बाद एक कुल पांच भारत रत्न देने का ऐलान किया है।

Published : 
  • 9 February 2024, 12:54 PM IST

Related News

No related posts found.