फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार युवती का नाम प्रशिक्षक के लिए चयनितों की सूची से हटाया गया

डीएन ब्यूरो

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक भर्ती 2022 में चयनित एक युवती का नाम, चयनित अभ्‍यर्थियों की सूची से हटा लिया है क्योंकि उसे कुछ दिन पहले फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किया गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक (पीटीआई) भर्ती 2022 में चयनित एक युवती का नाम, चयनित अभ्‍यर्थियों की सूची से हटा लिया है क्योंकि उसे कुछ दिन पहले फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किया गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पीटीआई भर्ती परीक्षा 2022 का परिणाम बुधवार को जारी किया गया था।

बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने शुक्रवार को बताया,‘‘हमें सूची में शामिल (इस) नाम पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस सत्यापन किया गया। जब यह स्पष्ट हो गया कि यह वही प्रियंका बिश्‍नोई है जिसे फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किया गया था तो हमने बुधवार को अंतिम चयन सूची से उसका नाम हटा दिया।’’

उन्होंने कहा कि परीक्षा में चयनित अन्य अभ्यर्थियों की सूची नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग को भेज दी गई है।

उल्‍लेखनीय है क‍ि द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले के सूत्रधार भूपेंद्र सारण की कथित प्रेमिका प्रियंका को पिछले साल दिसंबर में फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किया गया था। विभिन्न विश्वविद्यालयों की फर्जी डिग्री बनाने के मामले में प्रियंका, भूपेंद्र सारण समेत कई आरोपी हैं।

पेपर लीक होने के बाद पुलिस ने सारण के परिसरों में छापेमारी की थी, जिसके बाद फर्जी डिग्री का मामला सामने आया। पुलिस ने मानसरोवर के एक घर से कई फर्जी डिग्रियां जब्त की थीं और इस मामले में प्रियंका और भूपेंद्र सारण की पत्नी को गिरफ्तार किया गया था।

लेकिन इसी दौरान फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (पीटीआई) भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया चल रही थी। बोर्ड ने दस्तावेज सत्यापन के लिए लिखित परीक्षा पास करने वालों की सूची शिक्षा विभाग को भेजी थी। विभाग ने दस्तावेजों का सत्यापन किया और अंतिम उम्मीदवारों की सूची बोर्ड को भेजी जिसके बाद परिणाम घोषित किया गया जिसमें प्रियंका बिश्नोई का नाम भी था। लेकिन अब उसका नाम इस परिणाम सूची से हटा दिया गया है।

बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका की गिरफ्तारी, मामले में संलिप्तता और संदिग्ध आचरण के आधार पर उसका चयन वापस ले लिया गया।

 










संबंधित समाचार