वक्फ बोर्ड ने पेश किया अयोध्या विवाद सुलझाने का फार्मूला, मुस्लिम भी मंदिर के पक्ष में

डीएन संवाददाता

राम मंदिर को लेकर चल रहे विवाद के बीच शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने अयोध्या मसले को सुलझाने का फार्मूला पेश किया और कहा कि इस पर सभी पक्ष सहमत हैं..



लखनऊ: शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर को लेकर एक खाका मीडिया के सामने पेश किया। वसीम रिजवी ने कहा कि आज देश के मुसलमान भी अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण चाहते हैं।

इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि देश की अधिकांश जनता अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के पक्ष में है। अयोध्या में राम मंदिर का मामला करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ प्रश्न है। साथ ही अब समय आ गया है कि इस विवाद का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान किया जाए, जिससे देश में सांप्रदायिक सद्भावना बनी रहे।

आपसी सुलह से हो राम मंदिर का निर्माण

सोमवार को राजधानी लखनऊ के यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड कार्यालय में आयोजित बैठक में वक्फ बोर्ड अध्यक्ष वसीम रिजवी ने कहा कि अयोध्या में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए। साथ ही लखनऊ के हुसैनाबाद क्षेत्र में मस्जिदे अमन के नाम से मस्जिद का निर्माण हो। उन्होंने कहा की हुसैनाबाद में प्रस्तावित मस्जिद के लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है। 

सभी ने किया फार्मूले का समर्थन

बैठक में वसीम रिजवी ने दावा किया कि उनके राम मंदिर निर्माण के इस मॉडल के साथ राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी जी महाराज, राम जन्मभूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष रामविलास वेदांती और विश्व हिंदू परिषद भी है। उन्होंने कहा कि इस फार्मूले को लेकर उन्होंने अयोध्या मंदिर निर्माण से जुड़े मुख्य हिंदू पक्षकारों से भी बात की है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद से भी बात की है और सभी इस फार्मूले का समर्थन करते हैं। 

सुप्रीम कोर्ट में रखेंगे फार्मूला

शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने बताया कि आगामी 5 दिसंबर को मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। जिसमें वह अपने इस फार्मूले को कोर्ट के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या मसले से जुड़े पक्षकारों से अपील करते हुए बताया कि देश में अमन चैन का माहौल बना रहे। 
 










संबंधित समाचार