महराजगंज: नन्ही परी को रामनगरी अयोध्या से आया बुलावा, जानिये छोटी सी उम्र में बड़ी प्रसिद्धि की उसकी कहानी

महराजगंज जनपद की बेटी नन्ही परी अग्रवाल सांची आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वह कई बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। अब उसे प्रभु राम की नगरी अयोध्या से बुलावा मिला है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये नन्ही परी ने छोटी से उम्र में कैसे किया बड़ा कमाल

Updated : 27 January 2024, 12:38 PM IST
google-preferred

सिसवा (महराजगंज): सिसवा, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, भिटौली, लखनऊ महोत्सव से लेकर दिल्ली तक झंडे गाड़ने के बाद अब सिसवा की बेटी परी अग्रवाल सांची महज पांच वर्ष की उम्र में रामनगरी अयोध्या में अपनी प्रतिभा और कला का प्रदर्शन करेंगी।

अयोध्या धाम में आज यानी शनिवार शाम 5 बजे होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिये परी को धार्मिक नृत्य का  प्रतिनिधित्व करने का निमंत्रण मिला है।

श्री अयोध्या धाम में होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर डाइनामाइट न्यूज ने बहुमुखी प्रतिभा की धनी परी से सिसवा स्थित उसके घर में बातचीत की। इस खास इंटरव्यू में परी से कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

परी ने महज दो वर्ष की उम्र से ही अपना नृत्य का सफर शुरू कर दिया था और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। परी को कत्थक, भरत नाट्यम, धार्मिक गीतों की धुन पर नृत्य के अलावा गीता श्लोक, दुर्गा तांडव, मंत्रों के उच्चारण में भी महारत हासिल है। 

विभिन्न महोत्वसों में मचाई धूम
डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में परी ने बताया कि वह पहली बार सिसवा महोत्सव में प्रथम विजेता बनी। इससे बाद उसकी कला का सफर लगातार बढ़ता रहा। उसने महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, भिटौली, लखनऊ, दिल्ली संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग के कार्यक्रमों समेत कई आयोजनों में हिस्सा लिया और उसे लगातार सराहना मिलती रही।

परी श्री अयोध्या धाम में करेंगी परफॉर्मेंस

बनाया वर्ल्ड रिकार्ड
कत्थक में 60 सेकेंड में नाॅन स्टाप 60 चक्कर लगाने पर 13 फरवरी 2023 को परी अग्रवाल सांची ने अपना नाम वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल कराया। 

सीएम योगी भी कर चुके सम्मानित
अक्टूबर 2023 को दीपोत्सव कार्यक्रम में परी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सम्मानित कर चुके हैं। इसके अलावा डीएम, केंद्रीय वित्त मंत्री पंकज चौधरी, सांसद गोरखपुर रवि किशन, सांसद देवरिया, एडीएम जैसे तमाम अधिकारियों द्वारा भी परी को सम्मानित किया जा चुका है। 

नन्ही परी का बड़ा जलवा

ताइक्वांडो में रेड बेल्ट
मलवरी कान्वेंट स्कूल की कक्षा 3 की छात्रा परी को ताइक्वांडो में रेड बेल्ट भी हासिल है।

परी को नृत्य के अलावा अन्य विधाओं में भी उसकी मां स्तुति अग्रवाल, परिजनों, शिक्षकों, गुरूजनों द्वारा दक्ष किया जा रहा है।

परी की मां स्तुति अग्रवाल ने डाइनामाइट न्यूज से हुई बातचीत में बताया कि परी की सफलता में कई लोगों का आशीर्वाद है। केन्द्रीय वित्त मंत्री पंकज चौधरी ने परी की प्रतिभा, काबिलियत को पहचाना और उसे बडे़-बडें मंच प्रदान कराये।

Published : 
  • 27 January 2024, 12:38 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement