हिंदी
महराजगंज: पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की सर्पदंश की शिकार हो गई। बुधवार सुबह घर की दीवार से लकड़ी उठा रही 9 साल की लड़की को दो बार जहरीले सांप ने काटा। लड़की की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक मूल रूप से गुल्हरिया, थाना कोल्हुई की रहने वाली उर्मिला पत्नी नन्दराम चौधरी अपने बच्चों के साथ कुछ सालों से पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरमंदिर खुर्द टोला में स्थित अपने मायके में रहती है। उर्मिला की सबसे छोटी पुत्री नौ वर्षीय प्रेमकला चौधरी (कक्षा तीन की छात्रा) बुधवार सुबह घर की दीवार के पूरब लकड़ी उठा रही थी।
ग्रामीणों के मुताबिक दीवार में एक बिल था, जिसमें प्रेमकला का दाहिना पैर पड़ गया। बताया जाता है कि उसी बिल में जहरीला सांप था, जिसने लड़की को दो बार डंस लिया। सर्पदंश से उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों आनन-फानन में प्रेमकला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गये, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे महाराजगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
पुरन्दरपुर की पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। लड़की की मौत के बाद उसके घर-गांव में मातम पसरा हुआ है।
Published : 8 September 2022, 6:01 PM IST
Topics : काटने गांव जहरीले सांप नाबालिग लड़की महराजगंज मातम मौत
No related posts found.