हिंदी
निचलौल (महराजगंज): जनपद में पंचायत चुनाव के लिये हुए मतदान कहने को भले ही शांतिपूर्ण तरीके से निपटे गये हों, लेकिन लगता है कि चुनावी रंजिश का दौर अब भी जारी है और मतगणना के बाद ही रंजिश की खबरों से जनपद वासियों का सामना हो सकता है। यह बात वोटिंग के बाद हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं के आधार पर आसानी से कही जा सकती है।
जनपद के थानेदारों और खुपिया तंत्र की लापरवाही से ऐसा ही एक और ताजा मामला सामने आया, जिसमें रंजिश को लेकर एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया गया। घायल व्यक्ति की हालत नाजुक बतायी जा रही है। इस घटना ने आम आदमी के मन में असुरक्षा का भाव ला दिया है, साथ ही खुपिया तंत्र की लापरवाही भी उजागर हो गई है।
चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और ग्रामीण को अधमरा करने का यह मामला निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खोन्हौली का है। डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कल बुधवार की शाम खोन्हौली निवासी महेउ गुप्ता अपनी दो बेटियों प्रीति व रेनू को साथ लेकर खलिहान पर पुआल इकट्ठा कर रहे थे। तभी ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार के कुछ लोग वहां आ पहुंचे और चुनावी रंजिश को लेकर अचानक महेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक मनबढ़ों द्वारा महेंद्र पर लाठी- डंडों से हमला होता देख आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाया। ग्रामीणों का शोर सुनकर हमलावर भाग खड़े हुए लेकिन तब तक मनबढ़ों ने व्यक्ति को पीट-पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया था। हमलावर मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों द्वारा घायल व्यक्ति को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज से बातचीत में निचलौल क्षेत्रधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय का कहना है कि इस मामले की जानकारी मिली है। इसमें जो भी दोषी होगे उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Published : 22 April 2021, 5:08 PM IST
Topics : अपराध घायल चुनावी रंजिश निचलौल थाना पंचायत चुनाव पुलिस मतदान महराजगंज मारपीट
No related posts found.