UP: कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेता गिरफ्तार

कृषि कानूनों के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में प्रदर्शन की घोषणा की थी। उत्तर प्रदेश की राजझानी लखनऊ में पुलिस द्वारा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 15 January 2021, 6:16 PM IST
google-preferred

लखनऊ: केंद्र की मोदी सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस पार्टी आज देश भर में किसान अधिकार दिवस मना रही है। किसानों के समर्थन में देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में आज पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह कई पार्टी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार कांग्रेसियों के पुलिस द्वारा उनके समर्थकों के साथ ईको गार्डन भेजा गया है, जहां अस्थाई जेल बनायी गयी है।

कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर लखनऊ में भी कांग्रेस ने शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से राजभवन तक मार्च किया। लेकिन इसी मार्च और प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं को पुलिस द्वारा रोक दिया गया। राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों की इस दौरान पुलिस से तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को बाद में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। ईको गार्डन में कांग्रेसियों द्वारा जमकर नारेबाजी की जा रही है।

इस मौके पर यूपी कांग्रेस ने कहा हम सरकार के इस दमन से हरगिज नहीं डरेंगे और किसानों के हक तथा अधिकार की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ते रहेंहे। खेती - किसानी को हम लूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को काले कृषि कानून वापस लेने होंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आह्वान पर देश भर में कांग्रेस द्वारा आज किसान अधिकार दिवस के तहत सुबह से ही प्रदर्शन जारी है। देश की राजधानी  दिल्ली में किसानों के समर्थन में पार्टी के प्रदर्शन की कमान खुद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने संभाली, जहां उन्होंने राजभवन का घेराव किया।

No related posts found.