यूपी की बड़ी खबर: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल हुई खत्म, जानिये कैसे सुलझा विवाद

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच इससे जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जनिये इस मामले पर ताजा अपडेट

हड़ताली कर्मचारियों ने वापस लिया आंदोलन
हड़ताली कर्मचारियों ने वापस लिया आंदोलन


लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बिजली कर्मचारी विभिन्न मुद्दों को लेकर जारी हड़ताल खत्म हो गई है। सूबे के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच तीसरे राउंड की बैठक में बात बनी। राज्य के ऊर्जा मंत्री के आश्वासन के बाद विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही बिजली कर्मचारियों की हड़ताल समय से पहले ही पूरी हो गई है, जिससे राज्य में गहराते विद्युत संकट से भी निजात मिल सकेगी।

समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान, ऊर्जा मंत्री के आश्वासन और हाईकोर्ट के सम्मान में हड़ताल वापस हुई है। हालांकि, एक बार फिर से हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है। मगर, ऊर्जा मंत्री ने समझौते का आश्वासन दिया है।

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यूपी में विद्युत संकट गहराता जा रहा था। बिजली कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार रात 10 बजे से तीन दिन की हड़ताल शुरू की थी। इस बीच सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के बीच बातचीत की हर कोशिश विफल रही है। लेकिन रविवार तीसरे दिन अबसे थोड़ी देर पहले कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया। 

इससे पहले रविवार को विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति और यूपी सरकार के ऊर्जा मंत्री के बीच मामले के समाधान को लेकर बातचीत प्रस्तावित थी। लेकिन ऐन मौके पर यह बातचीत टल गई, जिसके बाद बिजली कर्मचारियों ने कहा की 72 घंटे की उनकी हड़ताल जारी रहेगी। लेकिन बाद में सहमति बन गई और कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया।

सरकार ने इस हड़ताल को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए काम पर नहीं आने वाले संविदाकर्मियों को बर्खास्त करने और प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ होने पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेन्द्र दुबे के मुताबिक प्रदेश के करीब एक लाख बिजलीकर्मियों हड़ताल में शामिल हुए। 

बिजली कम्पनियों में चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के चयन समेत कुछ अन्य मुद्दों को लेकर राज्य के बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की थी।

हड़ताल को लेकर यूपी सरकार ने बिजली विभाग के कर्मचारी यूनियन नेताओं के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू की कर दी है। यूपीपीसीएल ने भी नोटिस भेजा है। कुछ के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई।










संबंधित समाचार