हिंदी
पटना: भारतीय लोक संगीत (Indian Folk Music ) जगत की प्रसिद्ध गायिका शारदा सिन्हा (Sharda Sinha) का 72 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में निधन (Passed Away) हो गया, जिससे पूर देश व लोक संगीत प्रेमियों और कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मैथली और भोजपुरी (Maithili and Bhojpuri) की लोक गायिका शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार पटना में किया जाएगा। प्रख्यात गायिका ने कल रात दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली थी। आज इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से उनकी देह को पटना ले जाया जा रहा है।
बिहार के सुपौल जिले के हुलास गांव में जन्मी शारदा सिन्हा ने अपने मधुर गीतों से भारतीय लोक संगीत को नया आयाम और अद्वितीय पहचान दिलाई। उनकी गायिकी में न सिर्फ बिहार की, बल्कि पूरे भारत की लोक संस्कृति की महक बसी थी, जिसने श्रोताओं के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी।
छठ, विवाह और होली पर घर-घर गूंजते गीत
उनके गानों में बिहार ही नहीं बल्कि पूरे भारत की लोक संस्कृति की महक बसी थी। उनके गाए हुए गीत पर्व-त्योहारों का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। छठ, विवाह और होली के अवसर पर गाए उनके गीत घर-घर में गूंजते हैं। उनके सैकड़ों गीतों ने न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश में लोकप्रियता पाई।
उनके गीत गुनगुनाती हैं व्रती महिलाएं
केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके झुके, ए करेलु छठ बरतिया से झांके झुके। कांचे ही बांस के बहंगिया...। शारदा सिन्हा द्वारा गाए छठ गीत हर साल देशभर में घाटों पर गूंजते हैं। व्रती महिलाएं भी घर से लेकर घाट तक उनके छठ गीत गुनगुनाती हैं। पद्मभूषण शारदा सिन्हा के गीत केलवा के पात पर... एक ऐसा गीत है, जो छठ पूजा करने वालों को उत्साह और आस्था से भर देता है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत शारदा सिन्हा की आवाज में रिकॉर्ड किए गए, जो पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बॉलीवुड फिल्मों में भी आवाज का जादू बिखेरा
सुपौल में जन्मीं शारदा बिहार कोकिला के नाम से प्रसिद्ध थीं। उन्होंने भोजपुरी, मैथिली और मगही के गीतों को भी स्वर दिए। सिन्हा ने बॉलीवुड में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। फिल्म मैंने प्यार किया का गाना कहे तो से सजना उनकी आवाज में बेहद लोकप्रिय हुआ। गैंग्स ऑफ वासेपुर-2 का गाना...तार बिजली से पतले हमारे पिया की गूंज हमेशा बनी रहेगी।
लोकप्रिय छठ गीत
1.कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए
2. केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल झांके झुके
3. उग हो सूरज देव
4. उगिहें सूरज गोसईयां हो
उनके गीत और उनकी आवाज सदैव लोक संगीत प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेंगी।
Published : 6 November 2024, 9:27 AM IST
Topics : Dynamite HindiNews DynamiteNews ManojTibrewal ManojTibrewalAakash TrendingNews पटना भोजपुरी लोकगायिका शारदा सिन्हा