हिंदी
मुंबई: करण अर्जुन फिल्म की अभिनेत्री ममता कुलकर्णी 25 साल बाद भारत लौटी हैं। भारत लौटने पर उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है। अभिनेत्री ममता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह अपनी भारत वापसी पर भावुक नजर आईं।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक ममता कुलकर्णी ने वीडियो में कहा कि वह 25 साल बाद भारत लौटी हैं। मुंबई आने पर पुरानी यादें ताजा हो गईं। ममता ने कहा कि जब उनकी फ्लाइट भारत के ऊपर से गुजर रही थी, तो वह अपनी मातृभूमि को देख भावुक हो गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरते वक्त ममता अपने आंसू नहीं रोक पाईं।
विवादों में भी थीं ममता
12 अप्रैल 2016 को ठाणे पुलिस ने दो वाहनों में से दो-तीन किलो एपेड्रीन पाउडर बरामद किया था, जो नशे की दवाइयों की श्रेणी में आता है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मयूर और सागर को गिरफ्तार किया था। दवाओं की कीमत लगभग 80 लाख रुपये थी। दोनों के पास फर्जी पहचान पत्र भी थे। जांच के दौरान पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि ममता कुलकर्णी समेत सात लोगों को वांछित घोषित किया था। पुलिस का आरोप था कि ममता कुलकर्णी ने जनवरी 2016 में केन्या में एक बैठक में शामिल होकर आरोपी विक्की गोस्वामी और अन्य के साथ चर्चा की थी।
ममता कुलकर्णी ने अपने वकील माधव थोराट के जरिए दायर याचिका में कहा कि उनके खिलाफ आरोप केवल एक सह-आरोपी के बयान पर आधारित हैं। इसके खिलाफ ठोस सबूत नहीं हैं। बाद में अदालत ने आरोपों और साक्ष्यों की समीक्षा करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं है।
Published : 4 December 2024, 7:03 PM IST
Topics : Dynamite News entertainment Karan Arjun Mamta Kulkarni Manoj Tibrewal Manoj Tibrewal Akaash Mumbai Salman Khan Shahrukh Khan trending news