हिंदी
कानपुर: उत्तर प्रदेश एसटीएफ के चीफ अमिताभ यश के नेतृत्व में उनकी टीम राज्य में वांछित बदमाशों और दुर्दांत अपराधियों के सफाये में जुटी हुई है। एसटीएफ की टीम ने आज इसी क्रम हत्या समेत कई मामलों वांछित चल रहे दुर्दांत इनामी बदमाश अमित गुप्ता और उसकी महिला सहयोगी हिस्ट्रीशीटर दीपिका शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
यूपी एसटीएफ की टीम ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर 50 हजार के इनामी बदमाश अमित गुप्ता और महिला हिस्ट्रीशीटर दीपिका शुक्ला को आज शाम कानपुर नगर के सीओडी फ्लाईओवर के नीचे सुजातगंज-श्यामनगर जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के पास से पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस नकदी समेत कई अन्य बरामदगी की गई।
अमित गुप्ता एक दुर्दांत अपराधी है, जो थाना रेल बाजार कानपुर नगर में चर्चित आशू यादव हत्याकांड में लंबे समय से वांछित चल रहा था। अमित ने सनसनीखेज तरीके से दीपिका शुक्ला व अन्य साथियों के साथ मिलकर आशू यादव की हत्या कर दी थी। शव को फैंककर ये अपराधी मौके से फरार हो गये थे।
इसके अलावा अमित ने 2006 में थाना कल्याणपुर क्षेत्र में डकैती डालकर तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे कोर्ट से आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। 2011 में वह जेल से फरार हो गया था। 2020 में जमानत मिलने के बाद पर फिर से अपराध की दुनिया में लिप्त हो गया था।
अमित गुप्ता ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दीपिका शुक्ला अपने पति से मिलने जेल में आया करती थी, इसी दौरान उन दोनों की पहचान हुई। दीपिका शुक्ला के कहने पर ही अमित ने आशू यादव की हत्या की थी। दीपिका ने अमित को बताया था कि आशू उसे परेशान करता है और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालता है, जिसके बाद अमित ने आशू की हत्या कर दी थी। अमित गुप्ता और दीपिका शुक्ला के खिलाफ कई थानों में कई संगीन अपराधों से जुड़े मामले दर्ज है। पुलिस दोनों की तलाश में थी लेकिन सोमवार शाम को एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Published : 7 June 2021, 6:50 PM IST
Topics : अमित गुप्ता अमिताभ यश इनामी बदमाश उत्तर प्रदेश एसटीएफ कानपुर गिरफ्तार दीपिका शुक्ला हिस्ट्रीशीटर
No related posts found.