

साल 2025 से पहले गोरखपुर निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गोरखपुर को एक और विमान सेवा का गिफ्ट मिला है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासियों को नए साल से पहले बड़ा तोहफा मिला है। दरअसल, विमानन कंपनी इंडिगो ने 31 दिसंबर से गोरखपुर और बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का ऐलान किया है।
यह सेवा अब तक अकासा एयरलाइंस के माध्यम से उपलब्ध थी, लेकिन अब इंडिगो भी अपनी उड़ानें संचालित करेगी।
उड़ान का समय और सुविधा
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, इंडिगो की सीधी उड़ान गोरखपुर से दोपहर 2:20 बजे रवाना होगी और शाम 5:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में यह उड़ान रात 8:40 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर रात 11:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
यह सेवा यात्रियों के लिए खासतौर पर उपयोगी होगी, जो कामकाजी या निजी कारणों से नियमित रूप से गोरखपुर और बेंगलुरु के बीच यात्रा करते हैं।
कोरोना के बाद दोबारा शुरू हो रही है सेवा
गौरतलब है कि गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा पहले वर्ष 2019 में शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह सेवा बंद कर दी गई। लंबे अंतराल के बाद इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है। इंडिगो की इस पहल से यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।
समय की बचत और किफायती विकल्प
फिलहाल गोरखपुर से बेंगलुरु जाने के लिए यात्री ज्यादातर ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें करीब 36 घंटे लगते हैं। अब इंडिगो की सीधी उड़ान से यह सफर केवल 2 घंटे 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस सेवा से यात्रियों का न केवल समय बचेगा, बल्कि यात्रा भी अधिक आरामदायक और सुविधाजनक होगी।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई उड़ान सेवा से क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा जो लोग इलाज या शिक्षा के लिए बेंगलुरु जाते हैं, उनके लिए भी यह सुविधा बेहद लाभदायक साबित होगी।
इंडिगो की इस नई सेवा से यात्रियों को उड़ान विकल्पों में अधिक विकल्प और किफायत मिलने की उम्मीद है।