कर्नाटक में अंतरधार्मिक जोड़े पर हमला करने वालों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज

कर्नाटक के हावेरी जिले में एक होटल के कमरे में घुसकर एक अंतरधार्मिक जोड़े के साथ मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 12 January 2024, 3:56 PM IST
google-preferred

हावेरी (कर्नाटक):  कर्नाटक के हावेरी जिले में एक होटल के कमरे में घुसकर एक अंतरधार्मिक जोड़े के साथ मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार  पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि महिला ने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में कहा है कि उसका यौन शोषण किया गया है। आठ जनवरी की इस घटना के संबंध में अल्पसंख्यक समुदाय के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,‘‘ बृहस्पतिवार दोपहर को पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए गए जिसमें उसने आरोप लगाया कि सात लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। उन लोगों ने महिला के साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘ महिला के दावे के बाद हमने प्राथमिकी में धारा 376 डी जोड़ दी है। हमने इस घटना के संबंध में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ एक अन्य संदिग्ध इस घटना के एक दिन बाद एक दुर्घटना का शिकार हो गया और अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे हिरासत में लिया जाएगा। हमारी टीम इस मामले के अन्य संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हमने सब की पहचान कर ली है।’’

पुलिस के अनुसार, आठ जनवरी को अपराह्न एक बजे 26 वर्षीय विवाहिता, एक 40 वर्षीय पुरुष के साथ एक होटल में पहुंची। यह महिला अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखती थी। महिला और पुरुष के बीच तीन वर्ष से संबंध हैं।

पुलिस ने कहा कि पूरी घटना होटल के कमरे में हुई और आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया। बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया मंचों पर सार्वजनिक कर दिया गया।

एक वीडियो में छह पुरुषों को एक कमरे का दरवाजा खटखटाते हुए देखा गया, और जब एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला तो कुछ लोग अंदर घुसते हुए और महिला की तरफ बढ़ते दिखाई दिए।

पुलिस ने बताया कि जब यह जोड़ा होटल में घुस रहा था तब एक ऑटो रिक्शा चालक ने उन्हें देख लिया। बुर्का पहने महिला को एक दूसरे धर्म के पुरुष के साथ देखकर उसने स्थानीय लोगों के एक गुट को इसकी जानकारी दी। ये लोग भी अल्पसंख्यक समुदाय से थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे कथित तौर पर होटल के कमरे में घुस गए और उन्होंने जोड़े पर हमला करना शुरू कर दिया और फिर उन लोगों ने जोड़े को कमरे से बाहर खींच लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये लोग तीन मोटरसाइकिल से आए थे और इस जोड़े को अपनी गाड़ी में बैठा कर होटल से एक किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां पहुंच कर उन्होंने जोड़े से मारपीट की।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का आरोप है कि इन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आरोपियों ने उसे 500 रुपये दिए और अपने घर जाने को कहा। महिला अपने पति के पास सिरसी चली गई।

पुलिस ने कहा कि आरोपी किसी भी संगठन से जुड़े नहीं हैं, अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है, लेकिन जांच की आवश्यकता है।

 

Published : 
  • 12 January 2024, 3:56 PM IST

Related News

No related posts found.