हिंदी
फतेहपुर: बढ़ती महंगाई और प्राकृतिक आपदाओं के कारण उत्तर प्रदेश के किसानों की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। अधिकतर किसान बैंक के कर्ज के बोझ तले दबे हैं, उनकी जमीनें गिरवी हैं और उन्हें अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई में भी बाधाएं आ रही हैं, जिससे किसान की स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सरकार भले ही किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कर रही हो, लेकिन हकीकत इसके ठीक उलट है। प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों की स्थिति बेहद दयनीय है।
डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, आज मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह प्रयागराज लौटे और फतेहपुर जिले के कई ब्लॉकों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न किसान संगठनों के बीच बैठकर किसानों को जागरूक और संगठित करने का प्रयास किया। इसके बाद फतेहपुर शहर के पूर्वी देवीगंज मोहल्ले में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के जिला अध्यक्ष ठाकुर शिवा सिंह के आवास पर किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को अपने हक की लड़ाई के लिए संगठित होकर आगे आना होगा। जब तक किसान जागरूक होकर अपने हक की लड़ाई नहीं लड़ेंगे, तब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असौथर ब्लॉक इकाई के नव निर्वाचित अध्यक्ष विवेक सिंह भदौरिया को प्रमाण पत्र देकर जिम्मेदारी सौंपी तथा शिवम मिश्रा को प्रयागराज मंडल का महासचिव बनाकर प्रमाण पत्र दिया।
ये सभी किसान रहे मौजूद
इस अवसर पर शिव बहादुर सिंह, विवेक सिंह, राष्ट्रीय महासचिव बबलू सिंह उर्फ विक्रम सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे भारत में टोल बूथों पर किसानों को टोल टैक्स से छूट दी जाए तथा उनकी उपज का मूल्य दोगुना किया जाए। गेहूं का समर्थन मूल्य 3000 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया जाए। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव विजय बहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष बंटी सिंह लोधी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, बाला राजपूत, आदर्श ठाकुर, शिवम मिश्रा (प्रयागराज मंडल महासचिव), विवेक सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष असौथर), सत्यम सिंह, निखिल, सत्येंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान पंचायत में आवारा पशुओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गोपालकों को प्रति पशु 3000 रुपये भत्ता दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत जल्द फतेहपुर जिले में एक बड़ी किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें यहां के किसानों की समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के जितने भी संगठन बने हैं, वे सभी किसानों के हित में काम कर रहे हैं, इससे किसानों के हितों पर कोई असर नहीं पड़ता।
Published : 19 March 2025, 6:59 PM IST
Topics : fatehpur farmer fatehpur news kisan UP Big News UP News UP Todays News UP Trending News uttar pradesh तीन हजार माशिक पेंशन