एटा: सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की लटकी तलवार

एटा में समाजवादी पार्टी के दबंग और रसूखदार पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अपने ही पूर्व अंगरक्षक को साजिशन जानबूझकर बोलैरो से रौदंकर मौत के घाट उतार देने के मामले में यादव समेत चार लोगों पर 302 व 120 बी का मुकदमा दर्ज हो गया है। अब सत्तारुढ़ दल से जुड़े लोग पूर्व विधायक की गिरफ्तारी का दबाव बना रहे हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की एक्सक्लूसिव खबर..

Updated : 4 July 2018, 5:33 PM IST
google-preferred

एटा: कल रात अलीगंज थाना क्षेत्र के सरौंठ गांव के समीप अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया था जिसमें अलीगंज थाना क्षेत्र के बिचपुरी इमादपुर निवासी विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी थी जबकि दूसरे युवक कमलेश ने उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। 

विवाद की पृष्ठभूमि

इस मामले में सनसनीखेज तरीके से मृतक विजय के पिता श्यामवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि विजय अलीगंज विधानसभा से पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव का निजी अंगरक्षक था लेकिन एक साल पूर्व उसने पूर्व सपा विधायक का साथ छोड़ दिया था और वर्तमान में अलीगंज से भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के साथ हो गया था जिसके चलते पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह उससे खुन्नस खाते थे। पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव व उनके छोटे भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव को गलतफहमी है कि इन दोनों के आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी ईडी को सूचना देने में विजय का हाथ है, इसी के चलते पूर्व सपा विधायक ने षड़यंत्र रच उसके बेटे की हत्या करा दी है।

एफआईआर की कापी

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

अब इस मामले में दबाव पड़ने के बाद स्थानीय पुलिस ने आज सुबह 9 बजे मुकदमा अपराध संख्या 260/2018 धारा 302, 120 बी, 3(2)(V) के तहत राम दुलारे जाटव, बुद्धपाल सिंह चौहान, ओमपाल सिंह चौहान और रामेश्वर सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

इसके बाद अब पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। सत्तारुढ़ दल के कई नेता इस मामले में तत्काल यादव की गिरफ्तारी का दबाव पुलिस पर बना रहे हैं।

 

आरोपों के घेरे में पूर्व विधायक

 

मृतक के परिजनों का आरोप

मृतक के परिजनों का कहना है कि गांव के ही राम दुलारे जाटव, बुद्धपाल सिंह चौहान, ओमपाल सिंह चौहान से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है और मुख्य साजिशकर्ता पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव ने इनसे मिलकर षड़यंत्र कर बाइक से गांव लौटते समय सरौठ के समीप बोलेरो से बाइक को रौंदकर दो लोगों की हत्या कर दी।

पुलिस को मिले अहम सबूत

घटना के बाद पुलिस को हत्या से जुड़े साक्ष्य और बोलेरो के भी सीसीटीवी फुटेज मिले है जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

जिले की राजनीति में मचा कोहराम

पूर्व सपा विधायक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने से एटा जनपद की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। अब देखना होगा यह मामला आगे किस करवट बैठता है..

Published : 
  • 4 July 2018, 5:33 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement