रायबरेली में रोजगार सेवक छह माह से क्यों हैं बेरोजगार?

रायबरेली में ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने वेतन न मिलने के कारण प्रदर्शन किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 18 February 2025, 3:12 PM IST

रायबरेली: रायबरेली में ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में रोजगार सेवकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा पिछले 6 महीने से वेतन नहीं मिलना है।

डाइनामाइट न्यूज़ को रोजगार सेवकों ने बताया कि मनरेगा योजना के नियमों के अनुसार श्रमिकों की मजदूरी 15 दिनों के भीतर और पंचायत मित्रों का मानदेय एक माह में मिलना चाहिए। लेकिन पिछले 6 महीने से न तो मनरेगा मजदूरी मिली है और न ही ग्राम पंचायत मित्रों का मानदेय। इससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि वर्तमान में उन्हें मिलने वाला 7,788 रुपये का मासिक मानदेय महंगाई के इस दौर में बेहद कम है। वेतन में देरी से बच्चों की शिक्षा, परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें और रोजमर्रा की आवश्यकताएं पूरी करना मुश्किल हो गया है।

उनका कहना है कि कई परिवार कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द वेतन भुगतान की मांग की है।

Published :  18 February 2025, 3:12 PM IST