हिंदी
महराजगंज: जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा की समीक्षा की। समीक्षा में जिलाधिकारी ने 01 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक चलने वाले सड़क सुरक्षा माह को समेकित और व्यापक रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने इस संदर्भ में जनपद के विद्यालयों को जोड़ते हुए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विगत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटना में मृत्यु को 50% तक कम करने के लिए रोड सेफ्टी एक्शन प्लान बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिये निर्देशित किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी ने जनपद में स्कूल और यात्री वाहनों के फिटनेस एवं स्वच्छता वाहनों की जांच के लिए एआरटीओ को शख्त निर्देशित किया और कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण को रोकने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने जनपद में ब्लैक/डार्क स्पॉट को चिन्हित कर उनकी सूची 13 जनवरी 2025 तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने ट्रैफिक नियमों का आदतन उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन से लेकर पंजीकरण निरस्तीकरण तक की कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने पंजीकृत ई-रिक्शा वाहनों की सूची ट्रैफिक पुलिस और नगर निकायों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ई-रिक्शा वाहनों से हुए एक्सीडेंट का विवरण भी प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने शहरी और ग्रामीण मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाया जाए और सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को भी रोक जाए। इसके लिए सड़क यातायात को सुरक्षित करना जरूरी है। इसलिए सभी सम्बन्धित विभाग समन्वित प्रयास के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाएं और जनपद में सड़क यातायात को सुरक्षित बनाएं।
Published : 8 January 2025, 6:49 PM IST
Topics : District Magistrate DM Dynamite News Maharajganj Makar Sankranti Road Accident Road Sefety RTO School Vehicles uttar pradesh