हिंदी
नई दिल्लीः चक्रवाती तूफान 'गुलाब' के लैंड फॉल को लेकर मौसम विभाग ने रविवार को बड़ी जानकारी दी है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान 'गुलाब' के आज देर रात तक ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तटों के बीच टकराने की आशंका है।
ओडिशा के मुख्य विशेष राहत आयुक्त पी के जेना ने कहा है कि आंध्रप्रदेश के कलिंगापट्टनम में आज शाम एक चक्रवाती तूफान के तट से टकराने की आशंका के मद्देनजर ओडिशा आपदा प्रबंधन बल की 42 और राष्ट्रीय आपदा राहत बल की 24 टीमों के अलावा दमकल विभाग की 102 टीमों को तैनात किया जाएगा।
भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक कंधमाल, गंजम, रायगढ़ , मलकानिगिरि, कोरापुट, नबरंगपुर और गजपति जिलों में इसका अधिक असर होने की आशंका है। इनके सात जिलों के अलावा राहत एवं बचाव दलों को नयागढ़ जिले में भी तैनात किया गया है। 11 ज़िलों में अलर्ट जारी किया गया है।
आंध्र प्रदेश में चक्रवात गुलाब की संभावना को देखते हुए कलिंगापत्तनम ज़िले के बंदरुवानीपेटा गांव में NDRF की टीम ने मॉक ड्रिल किया। NDRF टीम के कमांडेंट ने बताया- यह इलाका संवेदनशील है। NDRF की 1 टीम यहां तैनात की है। हमने यहां के लोगों को चक्रवात के संदर्भ में जागरूक किया है।
Published : 26 September 2021, 4:13 PM IST
No related posts found.