चौधरी लाल सिंह ने अलग ‘जम्मू राज्य’ बनाने की मांग की

डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह ने सोमवार को अलग जम्मू राज्य बनाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि जम्मू और कश्मीर घाटी की परंपरा, भाषा और संस्कृति में काफी अंतर है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 30 October 2023, 4:59 PM IST
google-preferred

जम्मू: डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह ने सोमवार को अलग जम्मू राज्य बनाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि जम्मू और कश्मीर घाटी की परंपरा, भाषा और संस्कृति में काफी अंतर है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक सांबा जिले में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘एक अलग जम्मू राज्य होना चाहिए। आप (केंद्र सरकार) क्यों नहीं हमें एक अलग राज्य दे सकते हैं?’’

उन्होंने कहा, ‘‘ न तो हमारी भाषा उनसे मिलती है और न ही हमारी संस्कृति, हमारी वेशभूषा भी अलग है।’’

पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री रहे सिंह ने राज्य के निर्माण में डोगरा समुदाय के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा, ‘‘डोगराओं ने न केवल इस राज्य को बनाने में अपना खून बहाया है, बल्कि उन्होंने भारत की सीमाओं की भी रक्षा की है। हमारे पूर्वजों ने यह राज्य बनाने के लिए संघर्ष किया है और मौजूदा समय में हमारे युवा सियाचिन से लेकर राजस्थान की सीमा तक की रक्षा कर रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर घाटी के नेता गत छह दशक तक जम्मू को उसके अधिकारों से वंचित रखने के लिए जिम्मेदार हैं। सिंह ने कहा कि घाटी के नेताओं ने जम्मू के लोगों के रोजगार के अवसरों को भी हड़प लिया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कश्मीर के शासकों ने न केवल डोगरा संस्कृति को नष्ट किया, बल्कि उनके रोजगार के अवसरों को भी हड़प लिया। उन्होंने डोगराओं का पिछले 60 साल तक शोषण किया। उनके मन में हमारे प्रति नाराजगी है। उन्होंने जम्मू में पर्यटन की संभावना को नजरअंदाज किया और जम्मू के लोगों को उनके वाजिब हक से वंचित किया।’’

सिंह एक समय कांग्रेस में थे। उसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए, लेकिन उन्होंने भाजपा भी छोड़ दी और अपनी पार्टी बना ली।

 

No related posts found.