बड़ी खबर: सिसवा नगर पालिका चेयरमैन का पावर सीज, जानिए पूरा मामला

महराजगंज के सिसवा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन का पावर सीज कर दिया गया है। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी ख़बर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 June 2024, 1:58 PM IST
google-preferred

महराजगंज: नगर पालिका परिषद सिसवा के चेयरमैन शकुंतला जायसवाल का पावर शासन ने सीज कर एसडीएम को सौंपने का आदेश दिया है। डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार सिसवा नगर पालिका में भ्रष्टाचार की जांच लंबे अरसे से चल रही थी।

इस दौरान नगर पालिका परिषद सिसवा के चेयरमैन शकुंतला जायसवाल का पावर शासन ने सीज कर एसडीएम को सौंपने का आदेश दिया है।

शासन ने पावर सीज करते हुए अधिनियम 1916 की धारा 48 की उपधारा (2) 2A के अंतर्गत जांच करने के लिए जिला अधिकारी महराजगंज को नामित किया गया है।

मार्च 2021 को हुआ था न0पा0 सिसवा में उप चुनाव का चुनाव 
सिसवा नगर पालिका परिषद का उप चुनाव 13 मार्च 2021 को वोटिंग, 15 मार्च को मतगणना और 25 मार्च को शपथ ग्रहण के साथ जिस महिला चेयरमैन का पावर सीज किया गया है वह 4079 वोटों से जीती थी। दूसरे नंबर पर अभिमंत्रित सिंह उनके निकटतम प्रतिद्धंदी थे। समय का चक्र बदलता गया और ठीक दो वर्ष बाद जून 2024 को चेयरमैन का पावर सीज कर दिया गया।

दो साल पुराने मामले पर लगी अंतिम मोहर 
तत्कालीन डीएम सतयेंद्र झा ने 19 बिन्दुयों की  जांच की थी जिसमें जिसमें भ्रष्टाचार उजागर भी हुआ था। इस प्रकरण में अब नए एसडीएम की तैनाती की गई है।  बता दें कि उत्तर प्रदेश के नगर विकास अनुभाग-6 द्वारा पत्रांक संख्या 2629 नौ जून 2022 लखनऊ द्वारा 19 दिसंबर 2022 को नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की अध्यक्षा को डीएम महराजगंज द्वारा अध्यक्षा को पद से हटाए जाने की संस्तुति पर प्रथम कारण बताओ नोटिस जारी की गई थी।

14 नवंबर 2022 को डीएम ने प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन को आख्या भेजकर जीईएम टेंडर में अनियमितता सिद्ध पर कार्यवाही की रिपोर्ट भेजी थी। डीएम ने 19 दिसंबर 2022 को प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग व आयुक्त गोरखपुर मंडल को पत्र भेजकर नगर पालिका परिषद सिसवा अध्यक्षा व उनके पति एवं अन्य निकाय कर्मचारियों की पदोन्नति की जांच समिति नियम विरूद्ध पाए जाने पर कार्यवाही को लिखा था।

17 फरवरी 2023 को डीएम ने अध्यक्षा द्वारा 13 कार्यों हेतु जारी टेंडर में पूर्व से निर्मित कार्यों को सम्मिलित किए जाने के स्थलीय निरीक्षण पर जांच समिति द्वारा वित्तीय अनियमितता पाई गई थी। 28 फरवरी 2023, 04 जुलाई 2023 को 15 बिंदुओं के आरोप पत्र पर अंतिम सुनवाई एवं अध्यक्षा को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान कर पद से हटाए जाने की संस्तुति पर पुनः कारण बताओ नोटिस जारी हुई थी। इस प्रकरण पर आज अंतिम मुहर लगाते हुए नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल पत्नी गिरिजेश जायसवाल के पावर सीज की कार्यवाही की गई।  

Published :