हिंदी
भीलवाड़ा: जनपद का सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरणी महादेव मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र रहा है। सावन माह के तीसरे सोमवार पर हरणी महादेव मंदिर में भगवान भोले के भक्तों की बड़ी संख्या उमड़ पड़ी। भोलेनाथ के दर्शन के लिये यहां दिन भर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार श्रद्धालुओं ने भगवान भोले शंकर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दूध, दही, शहद, गन्ने का रस व पंचामृत से अभिषेक किया औऱ घर-परिवार के सुख शांति की कामना की। श्रद्धालुओं ने यहां भोले बाबा को अतिप्रिय बिल्व पत्र, आक-धतुरा अर्पित कर मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थनाएं की।

भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आई महिलाओं ने कहा कि सावन माह में यहां आने से कुंवारी लड़कियों को अच्छा वर मिलता है। इसके साथ महिलाएं भी घर में सुख शांति और अच्छी बारिश की कामना को लेकर पूजा करने आती है।
वहीं मंदिर के पुजारी पंडित ओम शर्मा ने डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में कहा कि हरणी महादेव मंदिर में यह प्रतिमा धरती से निकली हुई है, जो बेहद प्राचीन है। इसके कारण सावन में यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
आपको बताते चलें कि भीलवाड़ा से 6 किलोमीटर दूर हरणी महादेव मंदिर एक पहाड़ी पर स्थित है, जो ऊपर से पूरे शहर का विहंगम दृश्य प्रस्तुत करता है। महाशिवरात्रि और श्रावण मास में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। लोग यहां विभिन्न धार्मिक संस्कार भी करते हैं। यह मंदिर राजस्थानी वास्तुकला का एक शानदार उदाहरण है।
Published : 5 August 2024, 7:24 PM IST
No related posts found.