हिंदी
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने हाल में सुर्खियों में आए एक सारस पक्षी को अभयारण्य से रिहा करने पर जोर देते हुए बुधवार को कहा कि इस पक्षी को आरिफ खान के साथ ही रहने देना चाहिए जिसने करीब एक साल पहले घायल अवस्था में इस सारस के मिलने के बाद उसे बचाया तथा उसकी देखभाल की थी।
यह सारस स्वस्थ होने के बाद आरिफ के साथ ही रहता था। पिछले दिनों वन विभाग ने कानून का हवाला दे कर सारस को कानपुर के चिड़ियाघर में पहुंचा दिया।
अमेठी जिले के मंडका गांव के निवासी आरिफ कुछ दिन पहले अपने ‘‘मित्र’’ से मिलने के लिए कानपुर चिड़ियाघर पहुंचे। आरिफ को देखकर अपने बाड़े में खुशी से पंख फड़फड़ाते सारस के वीडियो के साथ वरुण गांधी ने ट्वीट किया कि सारस और आरिफ की कहानी खास है।
पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने कहा कि एक दूसरे को सामने पा कर इन दोनों दोस्तों की खुशी बता रही है कि इनका प्रेम कितना निश्छल और पवित्र है। उन्होंने कहा कि यह खूबसूरत जीव स्वच्छंद आकाश में उड़ने के लिए बना है, पिंजरे में रहने के लिए नहीं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार वरुण गांधी ने कहा, ‘‘उसे (पक्षी को) उसका आसमान, उसकी आजादी और उसका मित्र वापिस लौटा दीजिए।’’
सारस पक्षी और उसे बचाने वाले आरिफ के दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया था और सारस को यह कहकर अपने साथ ले गए थे कि पक्षी को अपने कब्जे में रखना गैरकानूनी है। आरिफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी।
कहानी ने तब राजनीतिक मोड़ ले लिया जब विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरिफ खान का समर्थन किया SARUS CRANEऔर सरकार की कार्रवाई की आलोचना की।
Published : 12 April 2023, 1:43 PM IST
Topics : अभयारण्य आरिफ खान नयी दिल्ली भाजपा वरुण गांधी सारस पक्षी
No related posts found.