हिंदी
अमरावती: आंध्र प्रदेश सीआईडी ने पड़ोसी राज्यों में विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में मार्गदर्शी चिट फंड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कथित अनियमितताओं की जांच करने के लिए पत्र लिखा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीआईडी (आपराधिक जांच विभाग) ने तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), सीबी सीआईडी और स्टांप और पंजीकरण आयुक्तों को पत्र लिखा है।
इसने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी), प्रवर्तन निदेशालय और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) को भी सतर्क किया है।
सीआईडी के एडीजीपी एन. संजय ने एक बयान में कहा, “आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों में चिट फंड ग्राहकों के हित में, जांच के प्रारंभिक निष्कर्षों को सूचित किया गया। उनसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित क्षेत्राधिकार के तहत आने वाले पहलुओं की जांच करने का अनुरोध किया गया।”
उन्होंने कहा कि पहचान की गई वित्तीय अनियमितताओं से न केवल पुलिस को बल्कि अन्य विशेष शाखाओं को भी निपटना होगा।
इस बीच, मार्गदर्शी के एक शीर्ष अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “60 साल में कंपनी के खिलाफ एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है।’’
Published : 16 March 2023, 3:08 PM IST
No related posts found.