Acid Attack: महराजगंज तेजाब कांड में दवा व्यापारी और कई लड़कियों सहित आधा दर्जन को पुलिस ने उठाया, शहर भर में हड़कंप

पिछड़े समाज की एक गरीब लड़की के ऊपर शादी से महज 10 दिन पहले जिस अंदाज में बेखौफ हमलावर ने कानून और व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एसिड से अटैक किया उसके बाद महराजगंज जिले में हड़कंप का माहौल है। डाइनामाइट न्यूज़ का एक्सक्लूसिव फालो-अप

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 17 November 2023, 8:53 PM IST
google-preferred

महराजगंज: गोरखपुर मंडल से लेकर राजधानी लखनऊ तक महराजगंज तेजाब कांड की गूंज है। गुरुवार की शाम 6 बजकर 40 मिनट पर स्कूटी सवार हमलावर ने कानून के राज को खुली चुनौती देती हुए एक लड़की के ऊपर शादी से महज दस दिन पहले तेजाब फेंककर जला डाला। लड़की का चेहरा और सीना बुरी तरह झुलस गया। फिलहाल लड़की का इलाज चल रहा है औऱ वह खतरे से बाहर है।

24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक भिटौली क्षेत्र के एक गांव में घटी इस घटना के बाद पुलिस की दस टीमें लगकर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जुट गयी हैं। 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

समूचे कांड में महत्वपूर्ण खबर यह है कि शहर के एक थोक दवा व्यापारी सहित आधा दर्जन से अधिक युवकों और युवतियों को पुलिस ने उठा लिया है। यही नही घटना से जुड़े किरदारों की पहचान के लिए रिश्तेदारों से सुरागकशी की जा रही है।

पूछताछ के लिए दवा व्यापारी को अज्ञात जगह पर रखा गया है। जिन युवकों और लड़कियों को उठाया गया है, उनके रिश्तेदार और मित्र दिन-भर परेशान रहे कि इन लोगों को क्यों उठाया गया है, क्या ये वाकई इस कांड में किसी रुप में शामिल हैं। 

पुलिस विभाग के अंदरुनी सूत्रों ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि लड़की के काल डिटेल्स के आधार पर युवकों और युवतियों को उठाया गया है और पूछताछ जारी है। नाम न छापने की शर्त पर पुलिसिया सूत्रों ने बताया कि इस थोक दवा व्यापारी की पीड़ित लड़की के साथ फोन पर लंबी-लंबी बातचीत होती थी।

भिटौली के थानेदार रामाज्ञा सिंह इस बात से इंकार कर रहे हैं कि किसी को उठाया गया है लेकिन SP ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि 6-7 लोगों को उठाया गया है। इनमें कई लड़कियां भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि ये लड़कियां पीड़िता की जानने वाली हैं। 

ASP ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि पीड़िता के मां की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 329/23 धारा 326 के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच जारी है। 

तेजाब कहां से खरीदा?

पुलिस के सामने इस बात की असलियत लाना सबसे बड़ी चुनौती है कि हमलावर ने तेजाब कहां से हासिल किया। सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2013 में एसिड की काउंटर बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था इसके बावजूद कैसे इसकी पहुंच हमलावर तक हुई ये जांच का अहम बिंदु है।

हमलावर का साथ किसने किसने किस रुप में दिया यह सच्चाई जनता के सामने लाना पुलिस के लिए दूसरी बड़ी चुनौती है। लड़की के महराजगंज से शिकारपुर की तरह आने की पल-पल की लोकेशन कौन हमलावर तक पहुंचा रहा था, यह खुलासा भी पुलिस को करना होगा। 

लड़की की तय शादी पर न पड़े कोई असर

महराजगंज पुलिस कानून का राज कायम करने में तो पूरी तरह नाकाम रही जिसका परिणाम है कि बेखौफ हमलावर ने एसिड कांड को अंजाम दे डाला। पूरे तेजाब कांड का ईमानदारी से खुलासे के बाद पुलिस के लिए सामाजिक जिम्मेदारी यह भी होगी कि लड़की की पहले से तय शादी हो जाय ताकि उसकी गृहस्थी बनने से पहले न उजड़े।

यही नहीं जो लोग नहीं चाहते युवती की शादी हो..क्या उनसे पुलिस इस लड़की की सुरक्षा कर पायेगी। यह बड़ा सवाल है।