हिंदी
अलग अंदाज में नजर आईं नाओमी ओसाका (Img: X)
New Delhi: विंबलडन 2026 के पहले दौर में जापान की स्टार टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने अपने खेल से पहले अपने अनोखे अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर जब ओसाका सफेद किमोनो पहनकर पहुंचीं तो दर्शक कुछ पल के लिए उन्हें देखते ही रह गए। आम तौर पर खिलाड़ी सीधे मैच की तैयारी में नजर आते हैं, लेकिन ओसाका ने इस बार अपनी एंट्री को भी खास बना दिया।
हालांकि यह सिर्फ फैशन नहीं था। इस खास ड्रेस के पीछे उनकी जापानी संस्कृति, एक मशहूर हॉलीवुड फिल्म और अपनी अलग पहचान दिखाने की सोच जुड़ी हुई थी।
मैच जीतने के बाद ओसाका ने बताया कि उनका यह सफेद किमोनो निर्देशक क्वेंटिन टैरेंटीनो की चर्चित फिल्म 'किल बिल' से प्रेरित था। खास तौर पर फिल्म के किरदार ओ-रेन इशी, जिसे अभिनेत्री लूसी लियू ने निभाया था, ने उन्हें यह लुक अपनाने की प्रेरणा दी। ओसाका ने कहा कि उनकी जापानी विरासत उनके लिए बेहद खास है। चूंकि विंबलडन में सभी खिलाड़ियों को सफेद कपड़े पहनने होते हैं, इसलिए उन्होंने सोचा कि इसी नियम के भीतर अपनी संस्कृति को खूबसूरती से दुनिया के सामने रखा जा सकता है।
गेट पर रुक गया ‘VIP बेटा’, अंदर गूंज रहा था CM का संबोधन… सुरक्षा ने क्यों दिखाया सख्त रुख?
उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी वह खुद को किसी वीडियो गेम के किरदार की तरह महसूस करना चाहती हैं। कोर्ट पर उतरते समय वह उसी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ खेलना पसंद करती हैं।
ओसाका का यह किमोनो साधारण पोशाक नहीं था। इसे जापान की पारंपरिक 'शिरोमुकु' शादी की ड्रेस और एक पुरानी वेडिंग गाउन के कपड़ों को नए तरीके से तैयार करके बनाया गया था। इस डिजाइन में पारंपरिक कला और आधुनिक फैशन का शानदार मेल देखने को मिला। सोशल मीडिया पर भी उनके इस लुक की काफी चर्चा हो रही है और फैशन प्रेमी इसे विंबलडन के सबसे यादगार लुक्स में गिन रहे हैं।
अनोखे लुक के साथ कोर्ट पर उतरीं ओसाका ने अपने प्रदर्शन से भी निराश नहीं किया। उन्होंने फ्रांस की एल्सा जैकमो को सीधे सेटों में 6-1, 7-5 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। पहले सेट में ओसाका पूरी तरह हावी रहीं। दूसरे सेट में मुकाबला थोड़ा कड़ा जरूर हुआ, लेकिन अनुभव के दम पर उन्होंने जीत अपने नाम कर ली।
यह पहली बार नहीं है जब नाओमी ओसाका ने किसी ग्रैंड स्लैम में अपने फैशन से सुर्खियां बटोरी हों। इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में वह तितलियों से सजी बड़ी टोपी, घूंघट और छतरी के साथ कोर्ट पर पहुंची थीं। वहीं फ्रेंच ओपन में उन्होंने पहले काले रंग का कॉर्सेट और लंबी स्कर्ट पहनी, जिसके बाद मैच के दौरान सुनहरी ड्रेस में नजर आई थीं।
उत्तराखंड की वादियों में जरूर चखें ये 6 लोकल डिशेज
उनका मानना है कि फैशन उनके व्यक्तित्व का हिस्सा है और इससे वह अपनी भावनाओं और संस्कृति को दुनिया के सामने रखने का मौका पाती हैं।
पहले दौर की जीत के बाद अब दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी नाओमी ओसाका का सामना दूसरे दौर में 225वीं रैंकिंग की अनास्तासिया गसानोवा से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहला मुकाबला होगा। ओसाका अब तक विंबलडन में तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई हैं।
Location : New Delhi
Published : 30 June 2026, 5:46 PM IST