
पृथ्वी शॉ (Img: Internet)
Abu Dhabi: पृथ्वी शॉ को IPL 2026 मिनी-ऑक्शन से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ऑक्शन के पहले राउंड ने उन्हें निराश कर दिया। 75 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ जब उनका नाम पुकारा गया, तो किसी भी फ्रेंचाइजी ने उनके लिए बोली नहीं लगाई। इतनी कम कीमत होने के बावजूद शॉ का अनसोल्ड रहना साफ तौर पर दर्शाता है कि शुरुआती फेज उनके लिए बिल्कुल भी अनुकूल नहीं रहा।
यह लगातार दूसरा मौका था जब पृथ्वी शॉ IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। पिछले सीजन में भी उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा था। उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने न तो उन्हें रिटेन किया और न ही इस बार ऑक्शन में उनके लिए दिलचस्पी दिखाई। इससे साफ है कि फ्रेंचाइजियों का भरोसा फिलहाल शॉ पर नहीं बन पा रहा है, जिससे उनका IPL भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है।
भारत के ओपनर पृथ्वी शॉ को IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में कोई खरीदार नहीं मिला और वह अनसोल्ड रहे।#iplauction2026 #PrithviShaw #IPL2026Auction pic.twitter.com/13jbBxuCGB
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) December 16, 2025
IPL से बाहर रहने के बाद पृथ्वी शॉ ने खुद को फिर से साबित करने के लिए जमकर मेहनत की। उन्होंने सबसे पहले अपनी फिटनेस पर ध्यान दिया और वजन घटाने के लिए कड़ा रूटीन अपनाया। इसके साथ ही घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की, ताकि चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींच सकें। हालांकि, इतनी मेहनत के बावजूद IPL 2026 मिनी-ऑक्शन के पहले फेज में उन्हें इसका कोई फायदा नहीं मिला।
पृथ्वी शॉ का करियर मैदान के बाहर हुए विवादों के कारण भी प्रभावित हुआ है। साल 2023 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के साथ उनका विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। मुंबई के एक होटल के बाहर दोनों के बीच बहस और हाथापाई का वीडियो वायरल हुआ था। सपना गिल ने शॉ पर छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप लगाए थे, जबकि शॉ के दोस्त ने इसे जबरन सेल्फी लेने और परेशान करने का मामला बताया। इस घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज हुई और मामले की जांच भी शुरू हुई, जिससे शॉ की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा।
पृथ्वी शॉ ने IPL में अब तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 79 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 23.95 की औसत और 147.47 के स्ट्राइक रेट से कुल 1892 रन बनाए हैं। उनके नाम 14 अर्धशतक दर्ज हैं और IPL में उनका सर्वोच्च स्कोर 99 रन रहा है। उन्होंने 238 चौके और 61 छक्के भी लगाए हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
Location : Abu Dhabi
Published : 16 December 2025, 5:08 PM IST
Topics : DN Sports IPL 2026 IPL 2026 Auction Prithvi Shaw