HBD MS Dhoni: कैप्टन कूल धोनी की साक्षी से कहां हुई मुलाकात, कैसे बने हमसफर…

महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी की प्रेम कहानी क्रिकेट और रोमांस का अनोखा मेल है। 2007 में कोलकाता के ताज होटल में शुरू हुई यह कहानी 2010 में शादी तक पहुंची। आईये जानते हैं कैसे हुई थी धोनी और साक्षी की मुलाकात

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 July 2025, 5:02 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय क्रिकेट के बेताज बादशाह महेंद्र सिंह धोनी का नाम सुनते ही हर क्रिकेट प्रेमी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। लेकिन धोनी की जिंदगी सिर्फ क्रिकेट के मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी निजी जिंदगी भी उतनी ही रोमांचक और प्रेरणादायक है।

महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी के साथ उनकी प्रेम कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं। 4 जुलाई की तारीख उनके लिए सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि एक ऐसी खूबसूरत प्रेम कहानी का प्रतीक है, जो किस्मत और दिलों के मेल से शुरू हुई। आइए, आज हम आपको धोनी और साक्षी की इस दिलचस्प लव स्टोरी की सैर करवाते हैं।

कोलकाता के होटल में हुई मुलाकात

दरअसल, साल 2007 की बात है। कोलकाता के मशहूर ताज बंगाल होटल में साक्षी एक इंटर्न के तौर पर काम कर रही थीं। उस समय शायद ही साक्षी को अंदाजा था कि उनकी जिंदगी जल्द ही एक नए मोड़ पर पहुंचने वाली है। दूसरी ओर, धोनी, जिन्हें दुनिया 'कैप्टन कूल' के नाम से जानती है, अपने हेलीकॉप्टर शॉट्स से क्रिकेट के मैदान पर धमाल मचा रहे थे। लेकिन उनकी जिंदगी में भी उस समय प्यार की कमी थी। किस्मत ने दोनों को मिलाने का इंतजाम कर रखा था। साक्षी के मैनेजर युद्धजीत दत्ता, जो धोनी के दोस्त भी थे, जिन्होंने इस मुलाकात का रास्ता तैयार किया।

Dhoni with wife Sakshi (Source-Google)

पत्नी साक्षी के साथ धोनी (सोर्स-गूगल)

फोन और मैसेज से आगे बढ़ा सिलसिला

इसी ताज बंगाल होटल में धोनी और साक्षी की पहली मुलाकात हुई। धोनी को साक्षी का फोन नंबर मिला और फिर शुरू हुआ मैसेज का सिलसिला। पहले तो साक्षी को लगा कि शायद कोई उनसे मजाक कर रहा है। आखिर, यह यकीन करना आसान नहीं था कि भारत का स्टार क्रिकेटर खुद उनसे बात कर रहा है। लेकिन जब साक्षी को यकीन हो गया कि यह कोई और नहीं बल्कि खुद धोनी ही हैं, तो बातचीत जारी रही। धीरे-धीरे मैसेज दोस्ती में बदले और दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। मार्च 2008 में दोनों ने डेटिंग शुरू की, लेकिन इस रिश्ते को हमेशा सुर्खियों से दूर रखा।

गुपचुप रचाई शादी

धोनी और साक्षी का रिश्ता इतना गुप्त था कि जब 4 जुलाई 2010 को उत्तराखंड के देहरादून में उनकी शादी हुई तो यह खबर प्रशंसकों के लिए किसी बड़े आश्चर्य से कम नहीं थी। धोनी जैसे सुपरस्टार, जिनकी हर हरकत पर मीडिया की नजर रहती थी, उन्होंने इतनी शांति और सादगी से शादी रचाई कि किसी को भनक तक नहीं लगी। यह शादी न सिर्फ दो लोगों का मिलन थी, बल्कि एक ऐसी कहानी की शुरुआत थी, जो आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है।

Dhoni with his wife and daughter (Source-Google)

पत्नी और बेटी के साथ धोनी (सोर्स-गूगल)

एक बेटी के पिता हैं कैप्टन कूल

शादी के बाद साक्षी को धोनी का 'लकी चार्म' कहा गया। उनके साथ आने के बाद धोनी के करियर ने नई ऊंचाइयां छुईं।2011 में भारत ने धोनी की कप्तानी में विश्व कप जीता था और साक्षी स्टैंड से अपने पति का उत्साहवर्धन करती हुई देखी गई थीं। 2015 में, इस जोड़े ने अपनी बेटी जीवा का स्वागत किया। उस समय, धोनी ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप खेल रहे थे और अपनी बेटी के जन्म के लिए भारत नहीं आ सके। हालांकि, जीवा के जन्म ने उनके जीवन को खुशियों से भर दिया।

साक्षी ने करियर छोड़ दिया धोनी का साथ

साक्षी ने औरंगाबाद के एक प्रतिष्ठित कॉलेज से होटल मैनेजमेंट में पढ़ाई की थी और पांच सितारा होटल में काम भी किया था। लेकिन शादी के बाद उन्होंने अपने करियर को पीछे छोड़ दिया और धोनी के साथ हर कदम पर साथ रहीं। आज भी, जब धोनी मैदान पर उतरते हैं, साक्षी अक्सर स्टैंड्स में उनकी हौसला-अफजाई करती दिखती हैं।

15 साल बाद भी धोनी और साक्षी का रिश्ता उतना ही मजबूत और प्यारा है। उनकी बेटी जीवा भी अब सोशल मीडिया पर अपनी क्यूटनेस से लोगों का दिल जीत रही है। यह जोड़ा साबित करता है कि सच्चा प्यार और विश्वास किसी भी रिश्ते को अटूट बना सकता है। धोनी और साक्षी की कहानी सिर्फ प्रेम की नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, समझ और साथ की है। चाहे मैदान हो या जिंदगी, धोनी और साक्षी हमेशा एक-दूसरे के लिए 'परफेक्ट पार्टनर' बने रहते हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 7 July 2025, 5:02 PM IST