कुदरत ने पंजाब में बरपाया कहर तो मदद को आगे आए भज्जी, खरीदा नाव-एम्बुलेंस और जुटाया इतने लाख का फंड

पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने बाढ़ प्रभावित पंजाब की मदद के लिए 50 लाख रुपये की राहत सामग्री जुटाई है। उन्होंने अपने MPLAD फंड और निजी योगदान से 11 मोटरबोट और 3 एम्बुलेंस मुहैया कराईं।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 8 September 2025, 2:25 PM IST
google-preferred

Chandigarh: भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अपने गृह राज्य पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सराहनीय कदम उठाया है। लगातार हो रही भारी बारिश और नदियों के उफान के कारण पंजाब के कई जिले जलमग्न हो गए हैं, जिससे हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ऐसे कठिन समय में हरभजन सिंह राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल हुए हैं।

शुरू की राहत पहल

हरभजन सिंह ने अपने MPLAD (सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास) फंड से 8 मोटरबोट खरीदीं, जबकि अपनी निजी निधि से 3 और मोटरबोट दीं। कुल मिलाकर उन्होंने 11 मोटरबोट बाढ़ राहत के लिए दान दी हैं, जिनकी कीमत प्रति नाव लगभग 4.5 से 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने 3 एम्बुलेंस भी खरीदी हैं, ताकि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सके। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है, "हरभजन सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए जो सहायता दी है, वह वास्तव में एक मिसाल है।"

मदद के लिए सामने आए हरभजन सिंह (Img: Internet)

दोस्तों से जुटाए 50 लाख की मदद

हरभजन सिंह ने सिर्फ सरकारी फंड तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने अपने दोस्तों और जान-पहचान वालों से भी आर्थिक सहायता की अपील की। उनकी इस अपील का अच्छा असर देखने को मिला। एक स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन ने 30 लाख रुपये, जबकि उनके दो करीबी दोस्तों ने क्रमशः 12 लाख और 6 लाख रुपये दान दिए।

इस प्रकार कुल मिलाकर हरभजन सिंह ने लगभग 50 लाख रुपये की सहायता जुटाई है। इस धनराशि का उपयोग बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, दवाइयों और जरूरी सामग्री पहुंचाने में किया जा रहा है।

भविष्य में भी मदद का भरोसा

हरभजन सिंह ने यह स्पष्ट किया है कि उनकी सहायता यहीं खत्म नहीं होती। वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर और संसाधन उपलब्ध कराएंगे। पंजाब के हालात पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मानवता सबसे ऊपर है, और जब लोगों की जान और जीवन संकट में हो, तब राजनीति या सीमाएं मायने नहीं रखतीं।

क्रिकेट से संसद तक का सफर

गौरतलब है कि हरभजन सिंह ने दिसंबर 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया था। अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 103 टेस्ट में 417 विकेट, 236 वनडे में 269 विकेट और 28 टी20 में 25 विकेट चटकाए। अप्रैल 2022 में वे आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा सांसद बने और अब समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Location :