FIFA World Cup 2026: विश्व कप फुटबाल में गौतम गंभीर का पसंदीदा खिलाड़ी चमका, जानें कौन हैं

फीफा विश्वकप 2026 में पुर्तगाल का पहला मैच डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहा और क्रिस्टियानो रोनाल्डो गोल नहीं कर सके। वहीं इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया। हैरी केन और मार्कस रैशफोर्ड चमके, जबकि आज कई महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 June 2026, 9:13 AM IST
google-preferred

New Delhi: फीफा विश्वकप 2026 में इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर मार्कस रैशफोर्ड ने शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं। क्रोएशिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रैशफोर्ड ने अहम गोल दागकर इंग्लैंड की 4-2 की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खास बात यह है कि भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले ही रैशफोर्ड को अपना पसंदीदा फुटबॉलर बता चुके हैं। ऐसे में विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर रैशफोर्ड का चमकना भारतीय खेल प्रशंसकों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।

बुधवार का दिन कई बड़े सितारों के प्रदर्शन के कारण चर्चा में रहा। जहां पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने पहले मुकाबले में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, वहीं इंग्लैंड ने क्रोएशिया को हराकर टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया। इसके अलावा घाना ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

रोनाल्डो का छठा विश्वकप, लेकिन फीकी शुरुआत

ग्रुप-के में पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। यह मैच रोनाल्डो के करियर का छठा विश्वकप मुकाबला था, जिससे उनसे काफी उम्मीदें थीं। हालांकि 41 वर्षीय स्टार खिलाड़ी गोल करने में असफल रहे। पुर्तगाल ने शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन डीआर कांगो ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर खत्म किया। मैच के दौरान रोनाल्डो कई मौकों पर गोल करने से चूक गए और लगातार दसवीं बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की पारी में गोल नहीं कर सके।

कांगो के खिलाड़ी ने रोनाल्डो पर साधा निशाना

मैच के बाद डीआर कांगो के युवा मिडफील्डर एनगाल'आयेल मुकाउ ने कहा कि रोनाल्डो अब पहले जैसे खिलाड़ी नहीं रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुर्तगाली स्टार की गति और सक्रियता पहले की तुलना में कम हो गई है, जिसका फायदा उनकी टीम ने उठाया।

हालांकि पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने रोनाल्डो का बचाव करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाने के लिए काफी है।

इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया

दिन के दूसरे बड़े मुकाबले में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। कप्तान हैरी केन ने दो गोल किए, जबकि जूड बेलिंगहैम और मार्कस रैशफोर्ड ने एक-एक गोल दागा।

पहले हाफ में मुकाबला 2-2 की बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली।

हैरी केन ने रिकॉर्ड की बराबरी की

दो गोल करने के साथ हैरी केन ने विश्वकप में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 10 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके कुल गोलों की संख्या 81 पहुंच गई।

गंभीर के पसंदीदा रैशफोर्ड भी चमके

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले ही मार्कस रैशफोर्ड को अपना पसंदीदा फुटबॉलर बता चुके हैं। रैशफोर्ड ने भी इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल दागा और इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।

घाना ने भी दर्ज की जीत

ग्रुप-एल के दूसरे मुकाबले में घाना ने पनामा को 1-0 से हराकर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। इस जीत के बाद घाना और इंग्लैंड दोनों अपनी-अपनी ग्रुप तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गए हैं।

देशभर में मौसम के दो रंग: कहीं धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि, तो कहीं हीटवेव का सितम जारी, जानें मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

आज इन मुकाबलों पर रहेंगी नजरें

आज विश्वकप में कई अहम मुकाबले खेले जाएंगे। फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें खास तौर पर कोलंबिया बनाम उज्बेकिस्तान, स्विट्जरलैंड बनाम बोस्निया-हर्जेगोविना, कनाडा बनाम कतर और मेक्सिको बनाम दक्षिण कोरिया के मुकाबलों पर रहेंगी। इन मैचों के नतीजे ग्रुप चरण की तस्वीर को काफी हद तक साफ कर सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  18 June 2026, 8:59 AM IST

Advertisement