हिंदी
हरविंदर सिंह और विजय सुंडी (सोर्स- एक्स)
New Delhi: जापान के आइची नागोया में आयोजित हो रहे पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा लगातार जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने कुल 88 पदक अपने नाम कर लिए थे, जिसमें 21 स्वर्ण पदक शामिल थे और भारतीय दल पदक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज था। अब पांचवें दिन के मुकाबलों में भी भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही है और देश के 100 पदकों का आंकड़ा छूना लगभग तय माना जा रहा है।
पांचवें दिन की शुरुआत में ही भारत के खाते में पहला स्वर्ण पदक आ गया। पुरुषों के डबल्स रिकर्व तीरंदाजी इवेंट में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की जोड़ी ने अद्भुत प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में इस भारतीय जोड़ी ने चीन के खिलाड़ियों को 5-1 के अंतर से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत रोमांचक रही और पहला सेट 35-35 से बराबरी पर छूटा। इसके बाद शानदार वापसी करते हुए भारतीय जोड़ी ने अगले दोनों सेटों में 37-36 और 38-36 से जीत दर्ज करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।
एथलेटिक्स के मैदान पर भारत के प्रमोद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को एक और पदक दिलाया। उन्होंने पुरुषों की 1500 मीटर T46 स्पर्धा में हिस्सा लिया और 4 मिनट 09.65 सेकंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गौरतलब है कि प्रमोद ने इससे पहले तीन साल पहले हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों में भी इसी स्पर्धा में सिल्वर मेडल ही जीता था।
महिला वर्ग की डबल्स रिकर्व आर्चरी स्पर्धा में भारत की भावना और पूजा ने भी पोडियम पर जगह बनाई, हालांकि उन्हें स्वर्ण पदक से चूककर सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। खिताबी मुकाबले में उनका सामना चीन की मजबूत जोड़ी से हुआ, जहां भारतीय टीम को 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें भारतीय जोड़ी तीनों सेटों में 31-38, 30-35 और 29-39 से पीछे रह गई। चीनी खिलाड़ियों ने सटीक निशाना साधते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
Asian Para Games: एशियाई पैरा खेलों का आगाज, तीन स्वर्ण पदकों के साथ भारत की शानदार शुरूआत
बैडमिंटन कोर्ट से भी भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। थुलसिमथी मुरुगेसन ने पैरा एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता है। महिला सिंगल्स SU5 इवेंट के फाइनल मुकाबले में उनका सामना चीन की स्टार खिलाड़ी किउक्सिया यांग से हुआ। इस कड़े मुकाबले में चीनी खिलाड़ी ने बेहतर खेल दिखाते हुए भारत को 18-21 और 11-21 से हरा दिया। इस तरह थुलसिमथी ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
Location : New Delhi
Published : 23 October 2026, 9:01 AM IST