

हम रोज़मर्रा की जिंदगी में खरीदारी के बाद जो पेपर रसीद हाथ में लेते हैं, वह हमारी सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है। थर्मल पेपर पर छपी इन रसीदों में मौजूद BPA जैसे रसायन हार्मोन को बिगाड़ सकते हैं और कई बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
थर्मल पेपर (सोर्स-गूगल)
New Delhi: क्या आप जानते हैं कि जो पेपर रसीदें आप दुकान या मॉल से सामान खरीदने के बाद अपने हाथ में लेते हैं, वे आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती हैं? जी हां, थर्मल पेपर पर छपी रसीदों में पाए जाने वाले रसायन जैसे कि बीपीए (Bisphenol A) और बीपीएस (Bisphenol S), शरीर के हार्मोन सिस्टम में गंभीर गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं।
थर्मल पेपर क्या है?
थर्मल पेपर एक विशेष प्रकार का कोटेड कागज होता है, जो गर्मी के संपर्क में आने पर उस पर टेक्स्ट उभर आता है। यही तकनीक अधिकतर बिल प्रिंटरों में इस्तेमाल की जाती है। इस पेपर पर की गई कोटिंग में BPA जैसे रसायन होते हैं, जो त्वचा के संपर्क में आने पर शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
स्वास्थ्य पर प्रभाव
SGT यूनिवर्सिटी गुरुग्राम के फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. भूपेश कुमार शर्मा बताते हैं कि BPA एक एंडोक्राइन डिसरप्टर है, जो शरीर के हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ सकता है। इससे महिलाओं में प्रजनन संबंधी समस्याएं, PCOS, बांझपन और स्तन व प्रोस्टेट कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
यह रसायन थायरॉइड फंक्शन और बच्चों में ADHD जैसे न्यूरोलॉजिकल विकारों से भी जुड़ा पाया गया है। गर्भवती महिलाएं और छोटे बच्चे इस खतरे के प्रति सबसे ज़्यादा संवेदनशील होते हैं।
किन लोगों को सबसे ज़्यादा खतरा?
गर्भवती महिलाएं
छोटे बच्चे
किशोर अवस्था के लड़के-लड़कियां
इन समूहों के लिए BPA का संपर्क मानसिक और शारीरिक विकास पर विपरीत असर डाल सकता है।
बचाव के उपाय
रसीद को सीधे हाथ से न छुएं, खासकर अगर हाथ गीले हों।
अगर जरूरी न हो तो रसीद न लें, डिजिटल बिल (SMS या ईमेल) चुनें।
रसीद को खाद्य सामग्री के पास न रखें।
रसीद को बच्चों और गर्भवती महिलाओं से दूर रखें।
बिल छूने के बाद हाथ धोना न भूलें।
थर्मल रसीद को रिसाइकल न करें, क्योंकि BPA अन्य उत्पादों में मिल सकता है।
क्या सभी रसीदें खतरनाक होती हैं?
नहीं, कुछ कंपनियां अब BPA-फ्री थर्मल पेपर का उपयोग करने लगी हैं। इन रसीदों में जोखिम काफी कम होता है, लेकिन इनकी पहचान करना आम उपभोक्ता के लिए मुश्किल होता है।