महराजगंज में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, 12 अक्टूबर से शुरू होगी EVM और VVPAT की FLC जांच

महराजगंज में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 12 अक्टूबर से ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू होगी। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर पारदर्शिता, वीडियोग्राफी और निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के पालन के निर्देश दिए।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 October 2026, 6:56 PM IST

Maharajganj: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। जांच की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मशीनों की साफ-सफाई से लेकर जांच की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें - Maharajganj News: लेहड़ा देवी मंदिर के मानसरोवर की सफाई में जुटे युवा, कई दिनों से जारी है अभियान

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस खुलवाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को एफएलसी के लिए पूरी तरह तैयार रखा जाए। मशीनों की साफ-सफाई और अन्य जरूरी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि जांच प्रक्रिया शुरू होने पर किसी तरह की बाधा न आए।

वीडियोग्राफी के बीच होगी EVM-VVPAT की जांच

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराई जाए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाए, जिससे जांच में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।

यह भी पढ़ें - Maharajganj News: सोशल मीडिया पर युवक को शोहरत पाने की सनक पड़ी भारी, 9 सेकंड के AI वीडियो ने खिलाई जेल की हवा

BEL के अधिकृत इंजीनियर करेंगे जांच

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक चुनाव से पहले ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की जाती है। यह जांच निर्माता कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में की जाती है। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जाती है। जांच में सफल घोषित मशीनों का ही चुनाव में इस्तेमाल किया जाएगा। एफएलसी की प्रक्रिया का उद्देश्य चुनाव में प्रयुक्त होने वाली मशीनों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना है। इस प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें - Maharajganj Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, निचलौल में हादसे के बाद मचा कोहराम

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

ईवीएम वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव, सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  10 October 2026, 6:56 PM IST