हिंदी
उत्तराखंड के सीएम धामी के साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट (Img: Social Media)
Dehradun News: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश अध्यक्ष महेश भट्ट ने बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रदेश कार्यसमिति की नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई कार्यसमिति में कुल 178 नेताओं को जगह मिली है। पार्टी ने इस गठन के जरिए संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ पहाड़ से लेकर मैदान तक के नेताओं को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। नई कार्यसमिति में 121 कार्यसमिति सदस्य, 32 विशेष आमंत्रित सदस्य और 25 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। भाजपा का मानना है कि इस नई टीम के जरिए संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक और ज्यादा सक्रिय किया जा सकेगा।
सभी संगठनात्मक जिलों को प्रतिनिधित्व
भाजपा की नई कार्यसमिति की खास बात यह है कि प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों को इसमें प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी जैसे पहाड़ी जिलों के साथ देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों के नेताओं को भी जिम्मेदारी दी है। विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से नेताओं को शामिल किया गया है। इससे साफ है कि भाजपा संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दे रही है।
गढ़वाल के इन नेताओं को मिली जगह
उत्तरकाशी से केदार सिंह रावत, चमोली से सुरेंद्र सिंह नेगी और आनंद सिंह रावत को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। रुद्रप्रयाग से शकुंतला जगवाण और वीरेंद्र सिंह बिष्ट को जिम्मेदारी मिली है। टिहरी से विजय सिंह पंवार, मेहरबान सिंह रावत, लखीराम जोशी और अतर सिंह तोमर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं देहरादून ग्रामीण से नीरू देवी और देहरादून महानगर से ऋषिराज डबराल और आदित्य कुमार को कार्यसमिति में जगह दी गई है।
हरिद्वार और रुड़की के नेताओं को भी जिम्मेदारी
मैदानी जिलों की बात करें तो हरिद्वार से संजय सहगल को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। रुड़की से मयंक गुप्ता, राजपाल और मास्टर नागेंद्र को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस विस्तार में मैदानी क्षेत्रों की सियासी अहमियत को भी ध्यान में रखा गया है।
कुमाऊं में भी कई नेताओं को जगह
कुमाऊं क्षेत्र से भी कई नेताओं को नई कार्यसमिति में शामिल किया गया है। पिथौरागढ़ से केदार जोशी और चंद्रा पंत, बागेश्वर से बलवंत सिंह भौर्याल और अल्मोड़ा से कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान और सुभाष पांडे को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। नैनीताल से नवीन दुम्का, गोविंद सिंह बिष्ट और बिंदेश गुप्ता को जगह मिली है। काशीपुर से खिलेंद्र चौधरी, राम महरोत्रा, आशीष गुप्ता, शैलेंद्र मोहन सिंघल, हरभजन सिंह चीमा और ऊषा चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ऊधमसिंह नगर से अनिल चौहान भी विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में शामिल हैं।
बूथ से प्रदेश तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी
भाजपा के लिए प्रदेश कार्यसमिति का यह विस्तार संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। 178 नेताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी ने एक तरफ अनुभवी नेताओं को साथ रखा है, तो दूसरी तरफ अलग-अलग क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश भी की है। अब नई टीम के सामने संगठन को बूथ स्तर तक और सक्रिय करने और प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
Location : Dehradun
Published : 10 August 2026, 1:59 PM IST