
राहुल गांधी के आगमन से ठीक पहले अमेठी में सियासी उबाल
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के बुधवार को होने वाले एक दिवसीय दौरे से ठीक पहले जिले का सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। इस वीआईपी दौरे से चंद घंटे पहले अमेठी में जगह-जगह विवादित पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं, जिनमें मौजूदा कांग्रेस सांसद किशोरी लाल (केएल) शर्मा के कार्यकाल के विकास कार्यों का हिसाब मांगा गया है।
इन पोस्टरों के सामने आने के बाद से ही कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन सभी पोस्टरों को तुरंत हटवा दिया है।
बीते मंगलवार की रात अमेठी के बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन और सबसे मुख्य जगह यानी कांग्रेस कार्यालय के ठीक सामने कई अज्ञात लोगों द्वारा पोस्टर लगाए गए, जो सुबह होते ही चर्चा का विषय बन गए। इन पोस्टरों में सीधे तौर पर कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा पर निशाना साधा गया है। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में सवाल दागते हुए लिखा गया है, "दो साल किशोरी लाल, तुमने किया क्या है?"
इसके साथ ही आरोप लगाया गया है कि उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में अपने सांसद कार्यकाल के दौरान केवल एक एम्बुलेंस दी है, वह भी अपने ही ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल को। इस पोस्टर के दूसरे हिस्से में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी के पांच साल के कार्यकाल के विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा देते हुए उनकी जमकर तारीफ की गई है।
रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, हनुमान मंदिर में की पूजा, बछरावां में बारात घर का दिया तोहफा
इस पूरे पोस्टर कांड पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री विशु मिश्रा ने तंजिया लहजे में कहा कि उन्हें भी मीडिया के जरिए ही इसकी जानकारी मिली है कि शहर में ऐसे पोस्टर लगे हैं। उन्होंने कहा, "पोस्टर किसने लगाए, यह तो मुझे नहीं मालूम लेकिन जिसने भी यह किया है, उसे हम बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं क्योंकि जनता को सच जानने का हक है।"
अमेठी में राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। इन पोस्टरों में कांग्रेस सांसद केएल शर्मा से विकास कार्यों का हिसाब मांगते हुए स्मृति ईरानी की तारीफ की गई है।#AmethiPosterWar #RahulGandhi #KLSharma #SmritiIrani #UPPolitics pic.twitter.com/iPsAJnqine
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 20, 2026
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केएल शर्मा अपनी सांसद निधि का उपयोग जनता के हित में न करके अपने निजी स्वार्थ के लिए कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दीदी स्मृति ईरानी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में अमेठी का जितना विकास किया था, राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा दोनों मिलकर भी उतना काम नहीं कर पाएंगे।
राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली-अमेठी आएंगे
दूसरी तरफ, इस मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद कुद्दुस खान ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह चोरी-छिपे पोस्टर लगाना बेहद निंदनीय और गलत परंपरा है। उन्होंने सांसद का बचाव करते हुए कहा, "केएल शर्मा एक सच्चे और अच्छे जनप्रतिनिधि के रूप में लगातार अमेठी के लोगों की सेवा कर रहे हैं। वे हर महीने नियमित रूप से अमेठी आते हैं, आम लोगों से मिलते हैं और उनकी हर समस्या का निराकरण करते हैं।"
कांग्रेस नेता ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में अमेठी को वीआईपी जिले का दर्जा मिला हुआ था, लेकिन इस सरकार ने अमेठी की बड़ी-बड़ी योजनाएं बंद कर दी हैं। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि अमेठी के साथ सौतेला व्यवहार बंद कर इसका दोबारा वीआईपी की तरह विकास किया जाए। बहरहाल, इस पोस्टर वॉर ने राहुल गांधी के दौरे से पहले जिले के सियासी तापमान को कई गुना बढ़ा दिया है।
Location : Amethi
Published : 20 May 2026, 11:58 AM IST