उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने 20 से अधिक जिलों में अत्यधिक घने कोहरे और कोल्ड डे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। दृश्यता 100 मीटर से कम दर्ज की जा रही है, जिससे यातायात और उड़ानों पर असर पड़ा है।

उत्तर प्रदेश में मौसम इन दिनों बेहद सख्त मिजाज अपनाए हुए है। घने कोहरे और गलन भरी ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में अत्यधिक घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं कई इलाकों में शीत दिवस की चेतावनी भी दी गई है। (Img: Google)
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 18 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बना रहेगा। करीब 14 जिलों में शीतलहर जैसे हालात रहेंगे। घने कोहरे के कारण सूरज के दर्शन भी मुश्किल हो सकते हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। (Img: Google)
राजधानी लखनऊ में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई है। वहीं नोएडा और आसपास के इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है। आने वाले दिनों में अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। 19 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंड और बढ़ने की संभावना है। (Img: Google)
घने कोहरे के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई है। इसका सीधा असर सड़क यातायात और हवाई सेवाओं पर पड़ा है। लखनऊ, वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों में कई उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं और लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। (Img: Google)
देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, गोरखपुर, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में घने से बेहद घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। कुछ इलाकों में दृश्यता शून्य के करीब रहने की आशंका है। (Img: Google)
सहारनपुर, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, रायबरेली, उन्नाव, आजमगढ़ और मिर्जापुर समेत कई जिलों में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। (Img: Google)