IND vs ENG: स्टार खिलाड़ी की चोट से बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन, मैनचेस्टर टेस्ट में शामिल होना अब संदेह में

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में चौथे मुकाबले के लिए भारतीय टीम को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ‘करो या मरो’ स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के लिए यह मैच सीरीज बचाने का आखिरी मौका होगा। लेकिन चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती सूची ने टीम की चिंता दोगुना कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 July 2025, 4:54 PM IST

New Delhi: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में चौथे मुकाबले के लिए भारतीय टीम को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ‘करो या मरो’ स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के लिए यह मैच सीरीज बचाने का आखिरी मौका होगा। लेकिन चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती सूची ने टीम की चिंता दोगुना कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पहले ही हाथ की चोट के कारण मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा, उप-कप्तान ऋषभ पंत अपनी तर्जनी उंगली की चोट से उबरने में लगे हैं। लेकिन चौथे टेस्ट से तीन दिन पहले सबसे बड़ा झटका दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश दीप की फिटनेस को लेकर आया है। आकाश दीप ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं, जिससे उनके मैनचेस्टर टेस्ट में खेलने पर अनिश्चितता बनी हुई है।

आकाश दीप, तेज गेंदबाज (सोर्स इंटरनेट)

तीसरे टेस्ट में खास प्रभाव न छोड़ पाने वाले आकाश दीप ने इससे पहले एजबेस्टन में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 10 विकेट लिए थे, लेकिन अब उनकी चोट ने टीम की तेज गेंदबाजी विकल्पों को कम कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि आकाश दीप की गैरमौजूदगी में टीम ने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर चुके दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज को स्क्वॉड में शामिल किया है। अंशुल ने हाल ही में भारत-ए टीम की ओर से इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ अपनी पेस और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित किया है।

इंजरी की समस्या के बीच टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा सवाल जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता को लेकर है। हेड कोच गौतम गंभीर के बयान के अनुसार बुमराह इस दौरे पर केवल तीन टेस्ट मैच ही खेलेंगे और अब तक दो मैचों में उन्होंने हिस्सा लिया है। ऐसे में चौथे और पांचवें टेस्ट में केवल एक में उनकी उपस्थिति संभव है। हालांकि आकाश दीप की चोट के कारण अब उम्मीद जताई जा रही है कि बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में टीम के लिए जरूरी होंगे।

भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी विकल्प सीमित होते जा रहे हैं और यह मैनचेस्टर टेस्ट उनके लिए चयन, फिटनेस और रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। आने वाले कुछ दिनों में टीम प्रबंधन के फैसले सीरीज के नतीजे पर भारी असर डाल सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  20 July 2025, 4:52 PM IST