Aadhar Card: बिना आधार कार्ड रुक सकते हैं जरूरी काम, जानें कहां-कहां लिंक कराना है जरूरी

आधार कार्ड आज भारत में नागरिक पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है। देश की लगभग 90% आबादी के पास आधार कार्ड है और यह दस्तावेज स्कूल, कॉलेज, बैंक, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी सहित तमाम जरूरी जगहों पर काम आता है। अगर आपने अपने आधार को जरूरी सेवाओं से लिंक नहीं कराया है, तो आपको कई सुविधाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। आइए जानें कि किन-किन जगहों पर आधार लिंक कराना अनिवार्य है और न करने पर क्या समस्याएं हो सकती हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 July 2025, 1:05 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारत सरकार द्वारा जारी आधार कार्ड आज हर भारतीय नागरिक के लिए एक अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। इसका उपयोग पहचान, पते और बायोमेट्रिक विवरणों के रूप में होता है। सरकार की लगभग हर योजना और सेवा में अब आधार कार्ड की भूमिका अनिवार्य हो गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, देश की करीब 90% जनसंख्या के पास आधार कार्ड मौजूद है, लेकिन सिर्फ आधार कार्ड बनवा लेना ही काफी नहीं है। इसका विभिन्न सेवाओं और दस्तावेजों से लिंक होना भी जरूरी है।

बैंकिंग सेवाओं में आधार लिंकिंग जरूरी

अगर आपका बैंक खाता है और आप किसी भी सरकारी योजना या सब्सिडी का लाभ उठाते हैं, तो आपका आधार बैंक खाते से लिंक होना अनिवार्य है।
• सब्सिडी ट्रांसफर: जैसे रसोई गैस की सब्सिडी या किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ सीधे खाते में आता है, जो आधार से लिंक होता है।
• बैंक खाता खोलना: बैंक खाता खोलने के लिए पैन कार्ड जरूरी होता है, और पैन कार्ड को आधार से लिंक करना अनिवार्य है।
• पैन इनएक्टिव: अगर आपका पैन कार्ड आधार से लिंक नहीं है, तो वह निष्क्रिय (Inactive) हो सकता है, जिससे टैक्स से जुड़ी समस्याएं और बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

एलपीजी कनेक्शन से आधार लिंकिंग

रसोई गैस की सब्सिडी का लाभ लेने के लिए एलपीजी कनेक्शन को भी आधार से लिंक करना आवश्यक है।
• अगर आपका आधार एलपीजी से लिंक नहीं है, तो सब्सिडी की राशि आपके बैंक खाते में नहीं आएगी।
• इस वजह से घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

राशन कार्ड से आधार लिंक जरूरी

कई राज्यों में राशन कार्ड को भी आधार से जोड़ना अनिवार्य कर दिया गया है।
• इसका उद्देश्य है डुप्लीकेट और फर्जी कार्डों को खत्म करना।
• अगर राशन कार्ड आधार से लिंक नहीं है, तो सरकारी राशन और अन्य लाभ मिलना बंद हो सकता है।

पीएफ और एनपीएस खाते में भी जरूरी है आधार लिंकिंग

अगर आप नौकरीपेशा हैं और आपके पास प्रॉविडेंट फंड (PF) या नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) खाता है, तो उसमें भी आधार लिंक होना जरूरी है।
• पीएफ क्लेम करने या रकम निकालने के समय आधार लिंक न होने पर प्रक्रिया अटक सकती है।
• एनपीएस खाते में भी आधार की जानकारी दर्ज न होने पर भविष्य में पेंशन लाभ में रुकावट आ सकती है।

इन सेवाओं में आधार जरूरी

• मोबाइल सिम कार्ड के लिए
• स्कूल/कॉलेज एडमिशन
• इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइलिंग
• पासपोर्ट बनवाने में
इन तमाम सेवाओं के लिए या तो आधार की आवश्यकता होती है या फिर आधार से लिंकिंग अनिवार्य होती जा रही है।

Location : 

Published :